दुष्कर्म, गैंग रेप की वारदातों से राज्य शर्मसार ; सीएम मौन क्यों : कैलाश मेघवाल
दुष्कर्म, गैंग रेप की वारदातों से राज्य शर्मसार ; सीएम मौन क्यों : कैलाश मेघवाल

दुष्कर्म, गैंग रेप की वारदातों से राज्य शर्मसार ; सीएम मौन क्यों : कैलाश मेघवाल

बीकानेर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा पूर्व प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल ने प्रदेश की बिगड़ी हुई कानून व्यवस्था को लेकर सीएम अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुये रविवार को बीकानेर में कहा कि राजस्थान जैसे शांतिप्रिय प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है। बजरी माफियाओं का आतंक, लूट, हत्या के मामले तो बढ़ ही रहे हैं, इसके अलावा महिलाओं एवं बच्चियों के साथ छेड़छाड़, दुष्कर्म, गैंग रेप की वारदातें भी प्रदेश को कलंकित कर रही हैं। इसके लिए सीएम गहलोत मौन क्यों है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए मेघवाल ने कहा कि, हफ्तेभर के अंदर अलवर के तिजारा, सीकर, आमेर, सिरोही, अजमेर, बारां में दुष्कर्म व गैंग रेप की घिनौनी वादरातें हुईं, लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री गहलोत पूरी तरह मौन हैं, कानून व्यवस्था एवं महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं हैं, ना ही इन मामलों पर संज्ञान ले रहे हैं, ऐसे में पीडि़त लोग न्याय के लिये दर.दर भटक रहे हैं। उन्होंने कहा कि, इन वारदातों से पूरा प्रदेश शर्मसार हुआ है। कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुये बीकानेर बीजेपी अध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी राजस्थान में महिलाओं एवं बच्चियों के साथ हुई वारदातों पर क्यों नहीं बोल रही हैं, क्या इन वारदातों से प्रदेश और समाज कलंकित नहीं हुआ है, क्या ये देश की बेटियां नहीं हैं? सरकारी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में दलित अत्याचारों में अत्याधिक बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी उत्तरप्रदेश तो चले जाते हैं, लेकिन इतनी वारदातें होने के बाद राजस्थान क्यों नहीं आते, क्या सिर्फ इसलिये यहां नहीं आ रहे कि यहां कांग्रेस की गहलोत सरकार है। पूर्व अध्यक्ष डॉ सत्य प्रकाश आचार्य ने कहा कि प्रियंका और राहुल राजस्थान में बढ़ते अपराध एवं महिला अत्याचारों पर कुछ भी नहीं बोल रहे हैं। इस अवसर पर एडवोकेट अशोक प्रजापत, जिला मंत्री कौशल शर्मा, मीडिया प्रभारी मुकेश आचार्य सहित अनेक पार्टी नेता कार्यकर्ता उपस्थित थे। हिन्दुस्थान समाचार/राजीव/संदीप-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in