अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए गहलोत लगा रहे अनर्गल आरोप... देवनानी
अजमेर, 26 दिसम्बर(हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए भाजपा पर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। उनसे खुद का घर नहीं संभल रहा है और खुद को अस्थिरता के भंवर में फंसा महसूस कर रहे हैं। देवनानी ने कहा कि मुख्यमंत्री गहलोत का दो साल का कार्यकाल हर मोर्चे पर विफल साबित हुआ है। चाहे किसानों के पूरे कर्जे माफ करने की घोषणा हो चाहें बेरोजगारों को भत्ता देने की घोषणा। बिजलीं की दरें नहीं बढ़ाने की घोषणा भी कागजी निकली। नई भर्तियों के दावें भी खोखले निकले। पेयजल व्यवस्थाएं बेपटरी हो चुकी है। विकास के सारे काम ठप्प हो गये हैं। कोरोना काल में सरकारी अस्पतालों में बंदोबस्त नहीं होने से मरीजों को परेशान होना पड़ रहा है। देवनानी ने कहा कि गहलोत सरकार के मंत्रियों, कांग्रेस के विधायकों व संगठन के पदाधिकारियों के बीच दो साल से चल रही रस्साकस्सी जगजाहिर है। सब जानते हैं कि पिछले दिनों अशोक गहलोत को कैसे 32 दिनों तक अपने मंत्रियों व विधायकों को बाड़ेबंदी में रखना पड़ा। गहलोत बार-बार कभी होर्स ट्रेडिंग तो कभी बकरा मण्डी जैसे बयान देते रहे हैं जबकि उनकी पार्टी के ही वरिष्ठ विधायक मालवीय ने गत दिनों सार्वजनिक मंच से कहा था कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सियासी संकट के समय दो बार बीटीपी विधायकों को 5-5 करोड़ रुपये दिये। देवनानी ने कहा कि अपनी कुर्सी व सरकार को अस्थिरता में देखकर बौखलाए गहलोत बार-बार भाजपा पर ऐसे आरोप लगा रहे हैं जिनमें ना तो कोई सच्चाई है और ना ही उनका कोई आधार। उन्होंने कहा कि गहलोत अपने आलाकमान की नजरों में नम्बर बढ़ाने के लिए नरेन्द्र मोदी की हर बात का विरोध करते हैं। केन्द्र द्वारा गरीब किसान के कल्याण के लिए लागू किये गये नये कृषि कानूनों को लेकर भी किसानों को गुमराह कर रहे हैं। केन्द्र पर किसानों के साथ संवादहीनता का आरोप झूठा लगा रहे हैं जबकि प्रधानमंत्री मोदी स्वंय व गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य मंत्री व भाजपा नेता लगातार देश के किसानों से बात कर नये कृषि कानूनों के महत्व को समझा रहे हैं। मोदी सरकार पर देश का बैंड बजाने का आरोप लगा रहे हैं जबकि मोदी के नेतृत्व में देश ने जो उपलब्धियां हासिल की हैं वो इन्हें दिखाई नहीं दे रही। धारा 370 हटाना, सर्जिकल स्ट्राईक, 3 करोड परिवारों को उज्जवला योजना में निःशुल्क गैस कनेक्शन, गरीब परिवारों के लिए आवास, जीएसटी व्यवस्था, किसानों को पेंशन व फसल बीमा का लाभ, स्वच्छ भारत अभियान के तहत 9 करोड शौचालयों का निर्माण, नई शिक्षा नीति सहित कई एसे महत्वपूर्ण कार्य मोदी सरकार ने किये है जिससे आमजन लाभान्वित हो रहा है। हिन्दुस्थान समाचार/संतोष/ ईश्वर-hindusthansamachar.in