was-kataria-able-to-get-a-single-oxygen-cylinder-what-did-the-mps-of-rajasthan-do---khachariyawas
was-kataria-able-to-get-a-single-oxygen-cylinder-what-did-the-mps-of-rajasthan-do---khachariyawas

क्या कटारिया एक भी ऑक्सीजन सिलेंडर दिला पाए, राजस्थान के सांसदों ने क्या किया - खाचरियावास

उदयपुर, 04 जून (हि.स.)। पहले ऑक्सीजन, फिर रेमडेसिविर, अब कोरोना वैक्सीन की किल्लत पर जिले के प्रभारी मंत्री ने भाजपा के वरिष्ठ नेता गुलाबचंद कटारिया से सवाल पूछा है कि क्या वे एक भी ऑक्सीजन सिलेंडर दिला पाए। राजस्थान के सभी 25 सांसदों को भी खाचरियावास ने घेरा और पूछा कि वे तो भाजपा के हैं, उन्होंने राज्य की क्या मदद की और केन्द्र से क्या मदद दिलवाई। खाचरियावास ने उदयपुर जिला परिषद सभागार में गुरुवार को अधिकारियों की बैठक के बाद पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि मौत की जंग के बाद जिंदगी को पटरी में लाने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। वैक्सीन के मुद्दे पर केंद्र की सरकार दोहरी नीति अपना रही है जिसके चलते राज्य को समय पर और फ्री वैक्सीन उपलब्ध नहीं हो रही है। देश में सुप्रीम कोर्ट की दखल के बाद कुछ राहत मिली है। केंद्र की जिम्मेदारी है कि आमजन की आवाज को सुने और कोरोना महामारी में राज्य सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चले। खाचरियावास ने कहा कि केंद्र सरकार इन मामलों पर जवाब नहीं दे रही है कि वैक्सीन अब तक क्यों नहीं मिली। वैक्सीन का मैनेजमेंट केंद्र के हाथ में है। हमारी वैक्सीन विदेशों को भेजी जा रही है। हमें भी अन्य राज्यों की तरह वैक्सीन उपलब्ध होनी चाहिए। राजस्थान में वैक्सीन ला पाने में विफल भाजपा के सभी 25 सांसदों को इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बढ़ते पेट्रोल की कीमत से केंद्र सरकार जो फायदा मिला है उससे फ्री वैक्सीन लग सकती है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर लगातार सवाल उठने पर केन्द्र की भाजपा सरकार डर गई है और सोशल मीडिया माध्यमों पर नकेल कसने लग गई है। उन्होंने कहा कि केन्द्र से ब्लैक फंगस की दवाइयों का भी इंतजार है। वे समय पर और पर्याप्त मिल जाएंगी तो हम जंग जीत पाएंगे। खाचरियावास ने एक सवाल के जवाब में कहा कि वैक्सीन की बर्बादी को लेकर मीडिया की खबरों की जांच करवाई जाएगी। केन्द्र सरकार की ओर से भेजे गए वेंटिलेटर की जांच के लिए भी कमेटी बनाई गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कोरोना पॉजिटिव आने के बाद भी दिन रात मेहनत कर राज्य की स्थिति को संभाला है। साथ ही उन्होंने किड्स वेलफेयर फंड बनाने की भी बात कही। उदयपुर नगर निगम में गायों की मौत मामले को लेकर खाचरियावास ने कहा कि गौ माता के नाम पर कुर्सी पर बैठ गए हैं। अब जवाब तो देना पड़ेगा। मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की गुटबाजी पर सवाल खड़े करने वाली भाजपा अभी वसुंधरा रसोई में उलझी हुई है। मंत्रियों के बीच हुई बहस को खाचरियावास ने स्वस्थ लोकतंत्र का हिस्सा बताते हुए कहा कि इससे तो जनता का काम बेहतर होता है। हिन्दुस्थान समाचार/सुनीता कौशल/ ईश्वर

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in