the-third-day-of-maru-festival-will-be-friday-in-the-name-of-exciting-events
the-third-day-of-maru-festival-will-be-friday-in-the-name-of-exciting-events

मरु महोत्सव का तीसरा दिन शुक्रवार रोमांचक स्पर्धाओं के नाम रहेगा

जैसलमेर, 25 फरवरी (हि.स.)। मरु महोत्सव का तीसरा दिन शुक्रवार डेडानसर की मनोहारी प्रतियोगिताओं से शुरू होगा और खुहड़ी के रेतीले धोरों पर पूनम के चांद की साक्षी में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर थिरकते कदमों की लय-ताल और लोक वाद्यों की गूंज के साथ पूरा होगा। चार दिवसीय मरु महोत्सव के अन्तर्गत तीेसरे दिन शुक्रवार को डेडानगर मैदान में ऊंट श्रृंगार शो, आर्मी बैण्ड प्रदर्शन, शान-ए-मरुधरा, रस्साकशी, कैमल पोलो मैच, महिलाओं के लिए पणिहारी रेस, बीएसएफ द्वारा कैमल टेटू शो, कबड्डी आदि प्रतिस्पर्धाएं होंगी। शुक्रवार को दोपहर ढाई बजे से शाम छः बजे तक जश्न-ए-जैसाण कार्यक्रम होगा। इसमें जैसलमेर शहर भर में उत्साही शहरवासी पूरे उल्लास के साथ माण्डणा, रंगोली, पेंटिंग, सांगीतिक प्रस्तुति आदि अपनी रुचि की कलाओं का दिग्दर्शन कराएंगे। जश्न-ए-जैसाण के लिए असेम्बली पॉईन्ट दशहरा चौक होगा। शुक्रवार की सुमधुर सांझ खुहड़ी के मखमली रेतीले धोरों पर सजेगी। रात्रि सात से साढ़े सात बजे तक सजे-धजे ऊंटाें से सफारी और कैमल ब्यूटीफिकेशन शो होगा। इसके उपरान्त रात्रि 10 बजे तक यौवन छलकाते चांद की रोशनी तले धोरों पर लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। इसमें लोक कलाकारों के साथ ही कबीर कैफे एण्ड अतरंगी बैण्ड द्वारा मनोरम प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके बाद आतिशबाजी के साथ खुहड़ी के कार्यक्रमों का समापन होगा। हिन्दुस्थान समाचार/ भाटिया/ ईश्वर

Raftaar | रफ्तार
raftaar.in