जयपुर, 27 मार्च (हि. स.)। राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अजय माकन 30 मार्च को एक दिवसीय दौरे पर राजस्थान आएंगे। माकन उपचुनाव वाले तीनों विधानसभा क्षेत्रों सुजानगढ़, सहाड़ा तथा राजसमंद में कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में आयोजित चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। कांग्रेस ने तीनों स्थानों पर शनिवार को अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है। सुजानगढ़ से मनोज मेघवाल, सहाड़ा से गायत्री त्रिवेदी और राजसमंद से तनसुख बोहरा को मौका दिया गया गया है। मनोज मेघवाल दिवंगत पूर्व मंत्री मास्टर भंवरलाल के पुत्र हैं। सहाड़ा से उम्मीदवार बनाई गई गायत्री देवी दिवंगत विधायक कैलाश त्रिवेदी की पत्नी हैं। वहीं, राजसमंद से तनसुख बोहरा के रूप में नए चेहरे को मौका दिया गया है। कांग्रेस ने सुजानगढ़ और सहाड़ा में दिवंगत विधायकों के परिवारों को टिकट देकर सहानुभूति कार्ड खेला है। कांग्रेस ने शुक्रवार को ही लंबी चर्चा के बाद सिंगल नामों का पैनल हाईकमान को भेजा था। जहां से शनिवार को इन नामों का ऐलान कर दिया गया। इन प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित चुनावी सभाओं के माध्यम से जनसंपर्क अभियान को धार देने के लिए प्रदेश प्रभारी माकन 30 मार्च को राजस्थान आ रहे हैं। माकन 30 मार्च को सवेरे 7.55 बजे दिल्ली से रवाना होकर 8.55 बजे जयपुर पहुंचेंगे। वे 11 बजे सुजानगढ़, एक बजे सहाड़ा एवं 3 बजे राजसमंद में कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में आयोजित चुनावी सभाओं को संबोधित कर शाम 6.15 बजे उदयपुर से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप





