जयपुर,12 अप्रैल (हि.स.)। शिक्षा मंत्री और राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की ओर से शिक्षकों के साथ किए गए अभद्र व्यवहार को लेकर सोमवार को सैकड़ों कर्मचारियों ने गवर्नमेंट प्रेस कार्यालय में एकत्रित होकर बैठक आयोजित की और बैठक में सर्वसम्मति से निंदा प्रस्ताव पारित करते हुए शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा का पुतला फूंकने का निर्णय लिया। जिसकी सूचना पुलिस प्रशासन को लगी तो सैकड़ों की तादाद में पुलिस के कर्मचारी व अधिकारी गवर्नमेंट प्रेस कार्यालय में पहुंचे और कर्मचारियों को घेर लिया। कर्मचारियों ने पुलिस प्रशासन की परवाह नहीं करते हुए अपने कंधों पर डोटासरा का पुतला लेकर नारेबाजी करते हुए गवर्नमेंट हॉस्टल की ओर जाने लगे । जिस पर गवर्नमेंट हॉस्टल के गेट पर ही पुलिस प्रशासन ने रोक लिया। जहां पर पुलिस और कर्मचारियों के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की हुई बाद में कर्मचारियों ने गवर्नमेंट हॉस्टल के मुख्य द्वार पर शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा का पुतला फूंका। पुतला फूंकने से पूर्व एकीकृत महासंघ के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ कहा की शिक्षा मंत्री को जनप्रतिनिधि होने के नाते किसी भी कर्मचारी नेता के साथ के इस प्रकार का बर्ताव नहीं करना चाहिए। साथ ही नाथी का बाडा बताते हुए डेढ़ घंटे तक शिक्षक नेताओं को अपने निवास पर बंदी बना लिया तथा सस्पेंड करने की धमकी दी जिसकी हम निंदा करते हैं। मुख्यमंत्री से मांग करते हैं कि ऐसे शिक्षा मंत्री को जो कर्मचारी और जनता के साथ सही बर्ताव नहीं करते उन्हें तुरंत मंत्री पद से बर्खास्त करने की मांग की। महासंघ एकीकृत मुख्यमंत्री से अपील करता है कि शिक्षा मंत्री अपने कुकृत्य पर क्षमा याचना करें। अन्यथा सभी जिला मुख्यालय पर शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका जाएगा। महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुलदीप यादव व मुख्य सलाहकार भंवर सिंह धीरावत ने सरकार पर आरोप लगाया कि 30- 10- 2017 की कटौती का कर्मचारी विरोध कर रहे हैं। उस से ध्यान हटाने के लिए सरकार के मंत्री ऐसा नाटक कर रहे हैं जो हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस मौके पर महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा,उदलसिंह राजावत, वित्त मंत्री सुरेश चंद शर्मा ,प्रदेश प्रवक्ता बाबूलाल शर्मा, शिक्षक एकीकृत के गिरिराज शर्मा, महेंद्र सिंह शेखावत ,अजीत सिंह शेखावत ,विजय सिंह, हंसराज गुर्जर ,राजेश चौधरी,दिलीप सिंह राजावत, महेश कुमार, सर्वेश्वर कुमार शर्मा,प्रहलाद अग्रवाल, पुष्पेन्द्र सिंह, खुशीराम मीणा, सत्येन्द्र चौधरी, कमलेश कुमार शर्मा, बी आर चोपड़ा, पप्पू शर्मा प्रेम बैरवा, मनोज भारती सहित कई कर्मचारी नेता उपस्थित थे । हिन्दुस्थान समाचार/दिनेश/संदीप




