जयपुर, 23 मार्च (हि. स.)। कोरोना के चलते लम्बे समय बाद होटल मैरियट में मंगलवार को उद्यमियों के लिए फेडरेशन ऑफ राजस्थान ट्रेड एंड इंडस्ट्री (फोर्टी) की ओर से ग्लोबल बिजनेस अपॉर्चुनिटी पर सेमीनार का आयोजन किया गया। फोर्टी अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने बताया कि सुशील गुप्ता व श्रनिक चौपड़ा के सहयोग से आयोजित सेमीनार में फोर्टी सरंक्षक सूरजाराम मील, फोर्टी संरक्षक व आदर्श नगर विधायक रफीक खान समेत सभी पधाधिकारियों व उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। अग्रवाल ने बताया कि देश-विदेश में बिजनेस अपॉर्चुनिटी की कमी नही है बशर्ते उसे पहचानकर समझ कर उन पर कार्य करना हो। उदाहरण के तौर पर अफ्रीका एक ऐसा देश है जिसमें मात्र 15 प्रतिशत माल का उत्पादन होता है और बाकी 85 प्रतिशत माल वह बाहरी देशों से आयत करता है। ऐसे में हमें इस अपॉर्चुनिटी का फायदा उठाते हुए हमारे यहां से अफ्रीका में निर्यात को बढ़ाना चाहिए। सेमीनार में फोर्टी द्वारा गत एक वर्ष में कोरोना के दौरान निरंतर रूप से की गई गतिविधियों के बारे में बताया गया। सेमीनार में बिजनेसमैन सुरजाराम मील व रफीक खान ने अपने अनुभव साझा करते हुए बिजनेस अपॉर्चुनिटी को भुनाने और अपने बिजनेस बढ़ाने के गुर बताए। फ्लोरेट ग्रुप से सुशील गुप्ता व श्रनिक चौपड़ा ने बिजनेस अपॉर्चुनिटी को बढ़ाने के लिए विस्तारपूर्वक जानकारी दी। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप




