monsoon-activities-weak-splatter-in-the-city-sultry-heat-tormented
monsoon-activities-weak-splatter-in-the-city-sultry-heat-tormented

मानसूनी गतिविधियां कमजोर: शहर में पड़े छींटे, उमस गर्मी ने सताया

जोधपुर, 29 जून (हि.स.)। मारवाड़ सहित पूरे प्रदेश में मानसून की गतिविधियां लगातार कमजोर होने से गर्मी और उमस बढ़ती जा रही है। जोधपुर में भी अब तापमान चालीस डिग्री से बाहर चला गया है। यहां तेज धूप की मार भी असहनीय हो चली है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह भी बारिश की उम्मीद काफी कम है। कुछ दिनों में तक पूरे प्रदेश का मौसम ही शुष्क रहेगा जिसमें आंधी व बरसात की संभावना बेहद कम हो गई है। मंगलवार की अपरान्ह में शहर में कुछेक स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। जिससे उमस और गर्मी में भी इजाफा हो गया। इस बार मानसून राज्य में प्रवेश करते ही कमजोर पड़ गया है। तय समय से पहले प्रदेश में एंट्री करने के बाद शुरुआती दिनों में करीब डेढ़ दर्जन जिलों में औसत बारिश हुई है, लेकिन दो दिन बाद जैसे ही पश्चिमी क्षेत्र पाकिस्तान से गर्म हवा का दौर शुरू हुआ मानसून कमजोर पडऩे लग गया। पश्चिमी राजस्थान का अधिकांश भाग छिटपुट वर्षा के बावजूद सूखे जैसी स्थिति का सामना कर रहा है। अधिकांश हिस्सों में उत्तर पश्चिमी और पश्चिमी भागों में पछुआ हवाएं चल रही हैं। इन शुष्क हवाओं के कारण मानसून की प्रगति रुकी हुई है। आगामी शुष्क मौसम के कारण किसानों और फसलों की स्थिति और भी खराब हो जाएगी। कम से कम अगले 8 से 10 दिनों के लिए इन राज्यों में मानसून के लौटने की संभावना बहुत कम है। जोधपुर शहर में दक्षिणी हवाओं की वजह से बादलों की आवाजाही लगातार चल रही है, लेकिन यहां पर्याप्त नमी नहीं मिलने की वजह से बारिश नहीं हो पा रही। एक तरफ बारिश नहीं होने तपिश तो बरकरार है, लेकिन बादलों की आवाजाही लगातार होने की वजह से तापमान में ज्यादा बढ़ोत्तरी नहीं हो पा रही। वहीं बादलों की आवाजाही से शहर में उमस भी लगातार बढ़ रही है। यही कारण है की जब भी बारिश होती है तो छितराई हुई हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम साफ रहने से तापमान में भी बढ़ोतरी होगी। जिससे एक बार गर्मी का असर ज्यादा रहेगा। हिन्दुस्थान समाचार/सतीश / ईश्वर

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in