जयपुर, 20 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष हरिराम रणवां ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार ने किसानों के हित में ऐतिहासिक फैसला लेते हुये डीएपी खाद पर सब्सिडी 140 प्रतिशत बढ़ाई, जिससे देशभर के किसानों को डीएपी खाद के एक बैग पर 500 की जगह 1200 रुपये की सब्सिडी मिलेगी। इस तरह 2400 कीमत का एक डीएपी खाद का बैग, किसानों को 1200 रुपये में मिलेगा, इसके लिये केन्द्र सरकार 14,775 करोड़ रुपये का अतिरिक्त व्यय करेगी। रणवां ने कहा कि खाद की कीमतें अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में बढ़ने के बावजूद, केन्द्र की मोदी सरकार ने यह किसान-हितैषी फैसला लिया, जिससे लघु व सीमान्त किसानों को बहुत लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक फैसले से किसान समय पर खाद खरीदेगा, जिससे किसानों की उत्पादन क्षमता एवं आय बढ़ेगी। रणवां ने भाजपा किसान मोर्चा राजस्थान के प्रदेश पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं किसानों की ओर से लघु व सीमान्त किसानों की लागत को कम करने और उनकी आय को बढ़ाने के उद्देश्य से लिए गये इस ऐतिहासिक फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केन्द्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री डी.वी. सदानन्द गौड़ा का आभार जताया। हिन्दुस्थान समाचार/ ईश्वर/संदीप




