medical-minister-appreciates-personnel-for-1045-lakh-vaccinations-in-a-day
medical-minister-appreciates-personnel-for-1045-lakh-vaccinations-in-a-day

एक दिन में 10.45 लाख वैक्सीनेशन पर चिकित्सा मंत्री ने की कार्मिकों की सराहना

जयपुर, 26 जून (हि.स.)। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने एक दिन में (25 जून) में सर्वाधिक टीकाकरण (10.45 लाख) के लिए प्रदेश के सभी चिकित्साकार्मिकों को बधाई और शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार से राज्य को निरंतर वैक्सीन उपलब्ध होती रहे तो विभाग प्रतिदिन 15 लाख लोगों का टीकाकरण करने की क्षमता रखता है। चिकित्सा मंत्री ने कहा कि राजस्थान ने कोरोना प्रबंधन से लेकर वैक्सीनेशन तक में देश भर में धाक जमाई है। देश भर में सबसे पहले 50 लाख वैक्सीन की डोज राजस्थान में लगाई गई। महाराष्ट्र के बाद राजस्थान दूसरा ऐसा प्रदेश था, जिसने 1 करोड़ से ज्यादा डोज लगाए। गौरतलब है कि इससे पहले 7 अप्रैल को 5.81 लाख वैक्सीनेशन डोजेज एक दिन में लगाई जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में 16 जनवरी से प्रथम चरण का टीकाकरण प्रारम्भ किया गया। 10 लाख 81 हजार 822 हेल्थ केयर वर्कर एवं फ्रंटलाईन वर्कर को प्रथम डोज लगाई गई है तथा कुल 7 लाख 98 हजार 237 को द्वितीय डोज लगाई गई है। प्रदेश में 1 अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी व्यक्तियों का टीकाकरण शुरू किया जा चुका है। डॉ. शर्मा ने बताया कि प्रदेश में 25 जून 2021 तक लाभार्थियों को 2.36 करोड से भी अधिक कोविड वैक्सीन की डोजेज दी जा चुकी है। इसमें 60 वर्ष से अधिक आयु के 55 लाख 76 हजार 504 व्यक्तियों को प्रथम डोज से टीकाकृत कर दिया गया है, जो कि सेन्सस डेटा के अनुसार 93.3 प्रतिशत है। चिकित्सा मंत्री ने बताया कि प्रदेश में 45 वर्ष से 59 वर्ष की आयु के 63 लाख 44 हजार 384 (71.8 प्रतिशत) और 45 वर्ष से अधिक आयु के कुल 1 करोड़ 19 लाख 20 हजार 888 व्यक्तियों को प्रथम डोज से टीकाकृत कर दिया गया है। प्रदेश में 30.53 लाख वैक्सीन डोजेज राजस्थान सरकार के खर्चे पर 18 से 44 वर्ष के आयु के व्यक्तियों के लिए लगाई जा रही हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश में 18 से 44 आयु वर्ग के 67 लाख 17 हजार 694 व्यक्तियों को अब तक प्रथम डोज लगाई गई है, जिसमें से 1 लाख 2 हजार 692 वैक्सीन डोजेज प्राइवेट सेक्टर द्वारा लगाई गई है। भारत सरकार से 25 जून तक 2 करोड़ 10 लाख 30 हजार 230 वैक्सीन डोजेज प्राप्त हुई हैं, जिसमें से 2.15 लाख डोजेज सेना को दी गई है। इस प्रकार प्रदेश में कुल 2 करोड़ 36 लाख 19 हजार 443 वैक्सीन डोजेज दी जा चुकी हैं। प्रदेश का वर्तमान में वैक्सीन वेस्टेज रेट 1 प्रतिशत से भी कम है। उन्होंने बताया कि शनिवार को प्रदेश में 2. 45 लाख लोगों का वैक्सीनेशन किया गया। इस तरह अब तक कुल 2 करोड 38 लाख 45 हजार लोगों का वैक्सीनेशन प्रदेश में किया जा चुका है। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ ईश्वर

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in