laying-of-stones-and-thorn-bushes-on-roads-highway-traffic-stopped-at-dozens-of-places
laying-of-stones-and-thorn-bushes-on-roads-highway-traffic-stopped-at-dozens-of-places

सडक़ों पर पत्थर व कंटीली झाडिय़ां बिछाईं, दर्जनों जगह हाईवे का ट्रेफिक रोका

जयपुर, 06 फरवरी (हि.स.)। केन्द्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसान आंदोलन में शनिवार को राजस्थान से जुड़े सभी हाईवे पर दोपहर 12 से चक्का जाम शुरू हो गया है। यह 3 बजे तक रहेगा। प्रदेश की सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस ने किसानों के इस आंदोलन को पूरा समर्थन दिया है। केंद्र सरकार की ओर से लाए गए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों ने शनिवार को तीन घंटे के लिए देशभर में हाईवे जाम का आह्वान किया है। तीन घंटे के चक्काजाम से आवश्यक सेवाओं को मुक्त रखा गया है। एंबुलेंस-स्कूल बस आ-जा सकेंगे। आपातकालीन सेवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं को चक्काजाम से छूट रहेगी। कृषि कानूनों के विरोध में शनिवार को अलवर जिले में संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से करीब 10 से 12 जगहों पर नेशनल और स्टेट हाईवे को जाम कर दिया गया है। सुबह साढ़े दस बजे से ही नेशनल हाईवे-48 पर शाहजहांपुर-हरियाणा बॉर्डर पर किसानों का आंदोलन शुरू हो गया था। यहां सुबह साढ़े दस बजे ही सर्विस लेन भी बंद कर दी गई है, जो तीन बजे बजे तक बंद रहेगी। इस कारण हाईवे की सर्विस लेन से होकर जाने वाले वाहन गांवों से होकर निकलने लगे हैं। अलवर शहर के निकट भूगोर तिराहे पर भी जाम लगा दिया है। कोठी नारायणपुर राजगढ़ के पास भी जाम लगाया है। वहां कांग्रेस के विधायक जौहरीलाल मीणा भी पहुंचे हैं। शाहजहांपुर हरियाणा बॉर्डर पर किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया है। दोपहर 12 बजते ही नेशनल हाईवे-48 पर शाहजहांपुर टोल प्लाजा पर रोड जाम कर दिया गया। यहां 11 बजे से ही किसान पहुंचने शुरू हो गए थे। इसी तरह जिले में अलग-अलग जगहों पर संयुक्त किसान मोर्चा ने नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे पर जाम लग गया है। संयुक्त किसान मोर्चा ने अधिकतर स्टेट हाइवे पर टोल प्लाजा के आसपास ही रोड जाम किया है। इसके लिए कांग्रेस और किसान नेताओं ने अलग-अलग जिम्मेदारी संभाली है। कांग्रेस के विधायक भी इस आंदोलन में शामिल हो चुके हैं। वे भी तीन घण्टे के जाम के दौरान कई जगहों पर पहुंच रहे हैं। किसान मोर्चा के आह्वान पर अलवर जिले के नेशनल हाईवे-48 शाहजहांपुर बॉर्डर के पास गुगलकोटा मोड़ पर, शाहजहांपुर टोल प्लाजा पर, बर्डोद टोल प्लाजा पर, खैरथल में मातोर रोड के निकट टोल प्लाजा के पास, हाईवे नम्बर 248 पर नौगांवा के पास, अलवर-तिजारा रोड पर टोल के पास, बहरोड़-अलवर रोड पर ततारपुर के पास, खैरथल-कोटपूतली रोड पर बानसूर टोल के पास, अलवर-भरतपुर रोड पर बडौदामेव और रामगढ़ के पास, जयपुर-अलवर रोड पर मालाखेडा के पास रोड जाम की गई है। इसी तरह ततारपुर चौराहे, नौगांवा रामगढ़ बॉर्डर, थानागाजी, कोठी नारायणपुर, अलवर शहर के निकट भूगोर तिराहे, कोठी नारायण राजगढ़ रोड पर भी जाम लगाया गया है। शाहजहांपुर-हरियाणा बॉर्डर पर किसानों का 2 दिसम्बर से आंदोलन जारी है। किसान महापंचायत के नेतृत्व में 2 दिसम्बर से पड़ाव शुरू हुआ। 12 दिसम्बर से किसान नेशनल हाईवे पर आ गए। जयपुर-दिल्ली वाली हाईवे की लेन को जाम कर दिया गया। इसके बाद 25 दिसम्बर से दिल्ली-जयपुर लेन पर भी बैरियर लगा दिए गए। पुलिस की ओर से बैरियर लगाने के बाद किसानों ने दिल्ली-जयपुर लेन पर भी अपने तम्बू गाड़ दिए। उसके बाद से नेशनल हाईवे- 48 बंद हैं। केवल एक तरफ की सर्विस लेन को विशेष आवश्यकता वाले वाहनों को निकालने के लिए खोला हुआ है। शाहजहांपुर-हरियाणा बॉर्डर पर राजस्थान, हरियाणा के अलावा गुजरात व महाराष्ट्र के किसान भी हैं। बीच-बीच में अन्य राज्यों के किसान भी आते रहे हैं। इस बॉर्डर पर जय किसान आंदोलन के प्रमुख योगेन्द्र यादव व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल भी आंदोलनरत हैं। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in