नई दिल्ली/ रफ्तार डेस्क। राजस्थान के कोटा में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां मनीष मीणा नाम के व्यक्ति ने अपनी पत्नी सपना पर आरोप लगाया है कि सरकारी नौकरी लगने के बाद उसने उन्हें छोड़ दिया। मनीष का दावा है कि उन्होंने अपनी पत्नी को पढ़ाने के लिए 15 लाख रुपये का कर्ज लिया था, जिसके कारण उनकी जमीन भी गिरवी रखनी पड़ी।
फर्जीवाड़े के आरोप में रेलवे ने किया सस्पेंड
मनीष का आरोप है कि उनकी पत्नी ने रेलवे की ग्रुप डी परीक्षा में डमी कैंडिडेट को बैठाकर नौकरी हासिल की। यह मामला सामने आने के बाद रेलवे ने सपना को सस्पेंड कर दिया और जांच शुरू कर दी है। मनीष ने अपनी पत्नी के खिलाफ भीमगंजमंडी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि सपना साल 2023 में हरियाणा के सिरसा में ट्रेनिंग के लिए गई थी और बाद में बीकानेर में उसकी पोस्टिंग हुई। बीकानेर से कोटा म्यूचुअल ट्रांसफर करवाने के बाद सपना ने उनके साथ रहने से इनकार कर दिया।
रेलवे से बर्खास्तगी की मांग
मनीष ने रेलवे अधिकारियों, पश्चिम मध्य रेलवे महाप्रबंधक और विजिलेंस से संपर्क कर सपना के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि परीक्षा के दौरान हुए फर्जीवाड़े की गहराई से जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने पर सपना को बर्खास्त किया जाना चाहिए।
जांच जारी, आगे की कार्रवाई पर नजर
रेलवे ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। अब यह देखना होगा कि सपना के खिलाफ क्या कानूनी कदम उठाए जाते हैं और इस पूरे मामले में क्या सच्चाई सामने आती है।
जमीन को गिरवी रखकर पत्नी को पढ़ाया
मनीष का आरोप है कि उसने अपनी खेती की जमीन गिरवी रखकर 15 लाख रुपए उधार लेकर पत्नी को नौकरी में लगाया था।लेकिन नौकरी लगने के बाद पत्नी ने उसे छोड़ दिया। शुरुआत में उसके माता-पिता व उसने पत्नी को काफी समझाया, लेकिन वह नहीं मानी और उसे बेरोजगार बताकर उसके साथ रहने से मना कर दिया। इसके बाद 2 साल से सपना पति से अलग रह रही है। सपना ने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला भी दर्ज करवाया था। इससे परेशान होकर पति ने मामले की शिकायत डीआरएम कार्यालय पश्चिम मध्य रेलवे महाप्रबंधक व विजिलेंस और अदालत के माध्यम से भीमगंजमंडी थाने में मामला भी दर्ज किया है।





