नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । राजस्थान की राजधानी जयपुर में 9 जनवरी को हुए दर्दनाक ऑडी कार हादसे के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। तेज रफ्तार लग्जरी कार से 16 लोगों को कुचलने वाला मुख्य आरोपी दिनेश रणवा करीब 10 दिन तक फरार रहने के बाद आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। जयपुर पुलिस ने उसे रिंग रोड इलाके से गिरफ्तार किया। जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हादसे में शामिल ऑडी कार दिनेश रणवा की ही थी और घटना के समय वही वाहन चला रहा था। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह जंगलों में छिपकर रह रहा था।
लोगों को कुचलने के बाद कई घंटे तक जंगल में छिपा रहा
जांच में सामने आया कि घटना के बाद दिनेश रणवा वहीं कार छोड़कर कई घंटे पैदल चलकर जंगल में छिपा रहा। जंगल में जानवर चराने वालों से खाना मांगकर वह अपना गुजर-बसर कर रहा था। कुछ दिन बाद उसने एक ट्रक ड्राइवर से लिफ्ट ली और जयपुर छोड़कर हरियाणा के करनाल पहुंच गया। पुलिस अब पूरे रूट और उसके फरार रहने के तरीकों की भी जांच कर रही है, ताकि मामले से जुड़े सभी पहलुओं का पता लगाया जा सके।
जयपुर पुलिस ने ऐसे किया गिरफ्तार
आरोपी दिनेश रणवा जंगल में छिपने के बाद करनाल और फिर हरिद्वार चला गया, जहां वह कई दिनों तक रहा। जब उसके पास पैसे खत्म हो गए, तो वह वापस जयपुर आया, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जयपुर पुलिस ने इस आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। ऑडी हादसे में यह गिरफ्तारी आठवीं है। हादसे के समय कार में सवार चार लोगों में से तीन को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की मदद करने वाले पांच लोग भी पुलिस की गिरफ्त में हैं।
दिनेश रणवा आज कोर्ट में पेश होगा
बता दें कि जयपुर के मानसरोवर इलाके में 9 जनवरी की रात हुए ऑडी हादसे में एक व्यक्ति की मौत और 15 अन्य के गंभीर रूप से घायल हो गए थे। यह हादसा पत्रकार कॉलोनी में हुआ था। जयपुर पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी दिनेश रणवा को आज सोमवार, 19 जनवरी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।





