जयपुर, 08 जून (हि.स.)। जालौर जिले के रानीवाड़ा में पानी की कमी के कारण प्यास से तडपकर मासूम की मौत होना दुर्भाग्य पूर्ण और प्रदेश सरकार के माथे पर कलंक है। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और जयपुर ग्रामीण सांसद कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने मंगलवार को आमेर विधानसभा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जालसू के निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में कही। राठौड़ ने चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आक्सीमीटर, थर्मल स्कैनर और आक्सीमीटर सहित अन्य चिकित्सा उपकरण भेंट किए। इसके अलावा 4 आक्सीजन कंसंट्रेटर, पीपीई किट, एन 95 मास्क और सेनिटाईजर भी भिजवाए गए थे। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि जो सरकार प्रदेश की जनता को पानी भी नहीं पिला सकती उस सरकार से जनता को कोई बड़ी अपेक्षा नहीं रखनी चाहिए। प्रदेश में इस प्रकार की घटनाएं आए दिन हो रही हैं, लेकिन सरकार है कि कुंभकरण की नींद सोई हुई है। केन्द्र सरकार ने जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत राजस्थान को दस हजार करोड़ रुपये आवंटित किए फिर भी सरकार जनता की प्यास बुझाने में विफल रही है। कर्नल राज्यवर्धन ने कहा आपदा के समय में भी प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने जनहित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए देश भर में 18 से अधिक आयु के युवाओं को फ्री वैक्सीन और दीपावली तक 80 करोड़ गरीब लोगों को मुफ्त अनाज देने की घोषणा की है। फ्री वैक्सीन की घोषणा करने पर कांग्रेस को प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करना चाहिए था, किन्तु मुख्यमंत्री अशोक गहलोत इसे लेकर अनर्गल बात करके सिर्फ और सिर्फ कांग्रेस आलाकमान को खुश करने में लगे हुए हैं। जयपुर ग्रेटर महापौर सौम्या गुर्जर व अन्य पार्षदों के निलम्बन के मामले में उन्होंने कहा कि असंवैधानिक तरीके से किए गए निलंबन के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूरे प्रदेश में सड़कों पर उतर कर विरोध प्रदर्शन किया है। आने वाले समय में यह विरोध प्रदर्शन और तेज किए जाएंगे। सरकार को अपना तानाशाही रवैया छोड़कर जनता के सामने नतमस्तक होना पड़ेगा और अपनी गलती सुधारते हुए फैसला बदलना पड़ेगा। कर्नल राज्यवर्धन ने कहा कि राज्य सरकार कोरोना आपदा प्रबंधन में भी पूरी तरह विफल रही है और मौतों का आंकड़ा भी वाहवाही लूटने के लिए छिपाया। उन्होंने कहा कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के चलते हमें सतर्क रहना है इसलिए हम स्वयं के प्रयासों से जयपुर ग्रामीण के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को मजबूत करने में लगे हुए हैं जिससे भविष्य में आने वाले संकट का डटकर मुकाबला कर सकें और मानव सेवा में जुटे चिकित्साकर्मियों को भी किसी प्रकार की परेशानी ना हो, लेकिन प्रदेश की कांग्रेस सरकार को न ग्रामीणों की, न किसानों की और न ही बेरोजगार युवाओं की चिंता है। प्रदेश में कानून व्यवस्था बिगड़ी हुई है अपराधी बैखोफ होकर अपराध करते है। लाॅकडाउन के दौरान राजधानी में ही एक युवती से गैंग रेप की घटना प्रदेश की कानून व्यवस्था की पोल खोलती है। हिन्दुस्थान समाचार/सुनीता कौशल/संदीप




