जोधपुर, 05 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राजस्थान की खराब होती कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। हनुमानगढ़ में दुष्कर्म के आरोपी के पीड़िता को जिंदा जलाने की घटना पर शेखावत ने कहा कि बेखौफ अपराधियों के दुस्साहस की पराकाष्ठा अगर देखनी है तो राजस्थान आइए। अपने बयान में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यहां के मुख्य्मंत्री जी के पास ही गृह विभाग भी है, जो अपनी राजनीति से मजबूर हैं और अपराध पर अंकुश लगाने में विफल हैं। हनुमानगढ़ में दुष्कर्म का आरोपी जमानत मिलने पर पीड़िता को जिंदा जला देता है। अस्पताल में दाखिल पीड़िता दरअसल राज्य के लोगों की गंभीर और दयनीय स्थिति का प्रतिबिंब है। शेखावत ने कहा कि राज्य में अपराध की स्थिति दु:खद और चिंताजनक है। हिन्दुस्थान समाचार/सतीश / ईश्वर





