humid-heat-tormented
humid-heat-tormented

उमस वाली गर्मी ने सताया

जोधपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। मारवाड़ में शुक्रवार को मौसम का मिजाज बदल गया। यहां आज आसमान पर बादलों का डेरा रहा। इससे धूप की तपिश भी कम रही। धूप का असर कम होने से आज तापमान में भी तीन डिग्री तक गिरावट आ गई। शुक्रवार को जोधपुर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि इस बीच गर्मी का असर बरकरार है। हांलाकि उमस वाली गर्मी ने खूब सताया। गर्मी अब पसीने निकालने में लगी है। मारवाड़ के अधिकांश हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिन में बादलों की आवाजाही रही लेकिन गर्मी ने लोगों को हलकान कर दिया। जलती-तपती गर्मी में जैसलमेर, फलोदी, ओसियां सहित कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चली लेकिन तपिश से कोई खास राहत नहीं मिल सकी। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक बादलों, आंधी और तेज हवा का मौसम रहेगा जिसके कारण तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट आएगी। जोधपुर में भी आज तापमान में गिरावट आई है। यहां आज सुबह से ही आसमां में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई। दिनभर सूरज व बादलों की आंख मिचौनी का खेल चलता रहा लेकिन आसमां से गर्मी भी बराबर बरसती रही। तेज गर्मी से लोग बेहाल से हो गए। गर्मी से राहत के लिए कूलर और एसी का सहारा लेना पड़ा। दोपहर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री रहा। पसीने से भी लोगबाग भीगते देखे गए। हिन्दुस्थान समाचार/सतीश / ईश्वर

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in