जैसलमेर, 18 मार्च(हि.स.)। जैसलमेर के खडाल क्षेत्र में गुरुवार दोपहर बाद अचानक तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। अचानक हुई इस बारिश और ओलावृष्टि से धरती पुत्रों के चेहरे पर चिंता की लकीरें है। कई खेतों में कुछ फसलें कटी हुई थी तथा कुछ कटने को तैयार है लेकिन इस बारिश ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फैरते हुए उन्हें बर्बादी की कगार पर ला खड़ा कर दिया है। राम रूठने के बाद अब किसानों को सिर्फ राज से कुछ उम्मीद है। किसान लूणसिंह ने बताया कि पूनमनगर में दोपहर तीन बजे अचानक भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई जिससे उनकी जीरे की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई। उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा कि प्रशासनिक अधिकारी मौके की जांच कर उन्हें उचित मुआवजा दिलाए। गौरतलब है कि रबी की सीजन में इस क्षेत्र में जीरा,सरसों, चना इत्यादि की फसलों की बुवाई की हुई थी। जानकारी के अनुसार कुछ ही दिनों थ्रेसर लगाकर अनाज लेना था। मगर अचानक कहर बनकर बरसी इस बारिश ने किसानों की हालत पतली कर दी है। अब किसानों की नजरें सरकार व प्रशासन पर टिकी है। हिन्दुस्थान समाचार/चंद्रशेखर/संदीप




