देश के विकास में किसानों और खेती से जुड़ी संस्थाओं का बड़ा योगदान : उपराष्ट्रपति

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ अपनी पत्नी डॉ सुदेश धनखड़ के साथ एक दिवसीय दौरे पर गुरुवार को राजस्थान पहुंचे। राज्यपाल कलराज मिश्र एवं राज्य सरकार के मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीय ने उनका स्वागत किया।
उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़
उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़Social Media

नई दिल्ली, हि.स.। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ अपनी पत्नी डॉ सुदेश धनखड़ के साथ एक दिवसीय दौरे पर गुरुवार को राजस्थान पहुंचे। जयपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र एवं राज्य सरकार के मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीय ने उनका स्वागत किया।

इसके बाद उप राष्ट्रपति केंद्रीय भेड़ एवं ऊन अनुसंधान संस्थान अविकानगर गए, जहां केंद्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा उनका स्वागत किया गया। उप राष्ट्रपति ने संस्थान द्वारा विकसित की गईं उन्नत नस्ल की भेड़ों और उत्पादों का निरीक्षण किया और संस्थान के निदेशक, वैज्ञानिकों और स्टाफ के साथ मुलाकात कर उन्हें संबोधित किया।

अपने संबोधन में उप राष्ट्रपति ने केंद्रीय भेड़ एवं ऊन अनुसंधान संस्थान के द्वारा किए जा रहे कामों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जी-20 में भारत के विकास का डंका देख कर सब दंग रह गए हैं। वर्ल्ड बैंक के अध्यक्ष ने कहा है कि भारत में जो विकास पिछले छह वर्ष में हुआ है वह 50 वर्ष में भी नहीं हो सकता था। उन्होंने कहा कि इसमें सबसे बड़ा योगदान किसानों का है और खेती से जुड़ी आप जैसी संस्थाओं का है। उप राष्ट्रपति ने कहा भारत देश किसान की बदौलत है। हमारे यहां एक अप्रैल 2020 से 80 करोड़ लोगों को सरकार की ओर से फ्री चावल, गेहूं, दाल मिल रहे हैं। ये दम हमारे किसानों का है और ये राशन किसानों की बदौलत ही मिल पा रहा है ।

कृषि में बदलावों की आवश्यकता पर बल देते हुए धनखड़ ने कहा कि भारत के किसान को बदलने की जरूरत है और उन्होंने खुशी व्यक्त की कि ये बदलाव आ रहा है। उप राष्ट्रपति ने देश के कृषि वैज्ञानिकों से आह्वान किया कि वे इस बदलाव का प्रेरक बनें। इस अवसर पर टोंक के सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया, सीएसडब्ल्यूआरआई के निदेशक डॉ. अरुण कुमार तोमर, संस्थान के वैज्ञानिक, शोधार्थी व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इससे पहले राज्यपाल कलराज मिश्र ने उप राष्ट्रपति धनखड़ के सपत्नीक जयपुर पहुंचने पर सांगानेर एयरपोर्ट पर उनकी अगवानी की। राज्यपाल ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया।

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in