जयपुर, 12 जून (हि.स.)। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने पूर्व मुख्यमंत्री सचिन पायलट के नाराजगी के कारण दिल्ली आने के किसी भी कयास को खारिज करते हुए कहा है कि पायलट का दिल्ली में घर है और वे यहां आते रहते हैं। सचिन पायलट कांग्रेस के नेता हैं, केंद्र में मंत्री रहे हैं, कहीं कोई दिक्कत की बात नहीं। डोटासरा शनिवार सुबह दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। वे निजी कार्य से उत्तराखंड जाने के दौरान दिल्ली में रुके थे। संगठन में किसी भी तरह की गुटबाजी अथवा नाराजगी से इनकार करते हुए डोटासरा ने कहा कि हम सरकार चलाएंगे और फिर सरकार बनाएंगे। पार्टी संगठन में सबकुछ ठीक है। सचिन पायलट की कोई शिकायत नहीं है। उन्हें न तो पार्टी से कोई शिकायत है और न ही सरकार से। दिल्ली में उनका परिवार रहता है, इसलिए वे अक्सर यहां आते रहते हैं। उन्होंने कहा कि जहां तक राजनीतिक नियुक्तियों का सवाल है तो ब्लॉक और जिलास्तरीय सूचियां लगभग तैयार हैं और इस जून के अंत तक आपको इस संबंध में समाचार मिल जाएंगे और जैसा कि कांग्रेस महासचिव और हमारे प्रभारी अजय माकन ने कहा है कि मंत्रिमंडल फेरबदल पर भी चर्चा जारी है और जल्द ही परिणाम सामने होंगे। डोटासरा ने कांग्रेस में किसी भी तरह से बिखराव से इनकार करते हुए भाजपा पर पलटवार करते हुए बीजेपी के अंदर ही बिखराव की बात कही। विधायक हेमाराम के इस्तीफे पर उन्होंने कहा कि मेरी कल ही हेमाराम जी से दो घंटे बातचीत हुई है, ये हमारे घर का मामला है और हम इसे जल्द ही सुलझा लेंगे। हिन्दुस्थान समाचार/संदीप/ ईश्वर




