नवभारत के वैचारिक सकारात्मक विकास की स्थाई ज़रूरत रहेंगे डॉ. मुखर्जी : डॉ. अलका

dr-mukherjee-will-be-a-permanent-need-for-positive-ideological-development-of-new-india-dr-alka
dr-mukherjee-will-be-a-permanent-need-for-positive-ideological-development-of-new-india-dr-alka

सीकर, 23 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय मंत्री डॉ. अलका गुर्जर ने जिले की धोद पंचायत समिति प्रांगण में आयोजित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मृति दिवस के कार्यक्रम में उपस्थित आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का नाम नवभारत के निर्माताओं में एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है। उन्होंने कहा कि आज की कोरोनाजनित विषम वैश्विक परिस्थितियों में भी डॉक्टर मुखर्जी द्वारा समय-समय पर दिए गए विचारों की प्रासंगिकता अक्षुण्ण और आवश्यक नजर आ रही है। बंगाल, पंजाब और कश्मीर के अधिकांश भागों को स्वतंत्र भारत का अभिन्न अंग बनाए रखने में डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को नकारा नहीं जा सकता है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर मुखर्जी को हमेशा इस बात के लिए याद रखा जाएगा कि वह एक ऐसा व्यक्तित्व था जिसने जो कुछ भी किया केवल देश के लिए किया यहां तक कि अपना बलिदान भी देश के लिए दे दिया। उन्होंने कश्मीर से धारा 370 हटाने के साथ कोरोनाकाल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से करवाए गए कार्यों को याद किया। डॉ. अलका ने कहा कि एक महत्वपूर्ण बिंदु यह भी है कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने समय की आवश्यकता को देखते हुए पर्यावरण संरक्षण, हमारे जल स्रोतों को प्रदूषण से मुक्त रखने और वृक्षारोपण को विशेष महत्व दिया है। 23 जून से 6 जुलाई तक हमें बूथ स्तर तक सभी सार्वजनिक जल स्रोतों जैसे कुएं, बावड़ी, तालाब आदि की प्लास्टिक से मुक्ति को सुनिश्चित भी करना है। हम मनुष्य भी इन वृक्षों की तरह निस्वार्थ भाव से जीना सीख जाते तो सदा के लिए इस संसार में समानता का भाव आ जाता, कोई जीव भूखा नहीं रहता कोई असहाय नहीं रहता, एक दूसरे की सहायता करते तो शायद जिस सुकून शांति, आत्मिक प्रसन्नता की खोज में हम मनुष्य जीवन भर मृगतृष्णा की भांति भटकते रहते हैं वह स्वयं चलकर हमारी समिति और सदा के लिए अंतरात्मा में समा जाती। उन्होंने 6 जुलाई तक 14 दिवसीय वृहद वृक्षारोपण अभियान में सभी की भागीदारी पर बल दिया तथा पौधरोपण का महत्व बताया। डॉ. अलका गुर्जर ने पंचायत समिति प्रांगण में वृक्षारोपण भी किया। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष माधोराम चौधरी, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हरिराम रिणवा, प्रदेश मंत्री मधु कुमावत, सीकर भाजपा जिला अध्यक्ष इंदिरा चौधरी सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता व आम नागरिक उपस्थित रहे। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in