दौसा, एजेंसी । समीपवर्ती गांव डिडवाना के पास लालसोट-दौसा मार्ग पर अनियंत्रित हुई बोलेरो और बाइक की भिड़त में दो सगे भाइयों सहित तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गयी। मृतकों में धाकड्या निवासी रामकेश व रमेश गुर्जर, सवाई माधोपुर के निमोद गांव के दिलराज बैरवा शामिल है। वहीं करौली के गढ़मोरा निवासी लखन गुर्जर गंभीर घायल हो गया, जिसे चिकित्सकों ने जयपुर रेफर कर दिया। इधर बोलेरो गाड़ी पास ही पीएचईडी के पंप हाऊस की दीवार फांदकर नीचे जा रही। गनीमत यह रही कि बोलेरो में सवार लोगों को कोई चोट नहीं आयी। चालक समेत तीन-चार साथी गाड़ी छोड़ मौके से भाग गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने दुर्घटना की सूचना तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को दी। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक दो की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, तीसरे ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि टक्कर से बाइक के परखच्चे उड़ गए। बाइक सवार चारों युवक पलंग बनाने व बेचने का धंधा कर अपने गांव लौट रहे थे।
हादसे की वजह प्रथम दृष्टया बोलेरो की 100 से ज्यादा स्पीड़ और रीको से घाटा बालाजी तक चल रहे सड़क निर्माण कार्य के चलते चालक द्वारा अनियंत्रित होना सामने आया है। हालांकि, कुछ लोगों ने बोलेरो चालक के शराब के नशे में होने की बात भी कही। पुलिस हादसे के कारण व बोलेरो की पहचान व सवार लोगों की पड़ताल कर रही है। पुलिस के अनुसार बोलेरो में चालक सहित तीन-चार लोग ही थे।
‘प्रत्यक्षदर्शी कृष्ण कुमार शर्मा व रामधन शर्मा के अनुसार लालसोट से दौसा की तरफ एक गाड़ी बहुत तेज गति से आ रही थी। वहीं डीडवाना से लालसोट की तरफ से एक मोटरसाइकिल जा रही थी। इस दरम्यान पीलीकाखाना के पास बोलेरो ने टक्कर मार दी। बोलेरो की गति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद युवक 10 फीट ऊंचे उछलकर नीचे सड़क पर गिरे। वहीं दूसरी तरफ बोलेरो अनियंत्रित होकर पीलीकाखाना पंप हाउस के पास सड़क को कूदकर नीचे उतर गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी, जिस पर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। बोलेरो छोड़कर भागे लोगों को पकडऩे के लिए लोग पीछे भागे, मगर लोगों के हाथ नहीं आए।




