कांग्रेस का कलेक्ट्रेट पर अनूठा विरोध प्रदर्शन:कार्यकर्ताओं ने मिट्टी के चूल्हे पर रोटी और चाय बना कार्यकर्ताओं को पिलाई
जयपुर, 02 मार्च (हि.स.)। पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दामों में हुई बेहताशा वृद्धि के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस की यूथ विंग ने जयपुर कलेक्ट्रेट पर अनूठा विरोध प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट के बाहर कार्यकर्ताओं ने मिट्टी के चूल्हे पर रोटी और चाय बनाई और कार्यकर्ताओं को पिलाई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केन्द्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बढ़े हुए गैस के दाम को वापस लेने की मांग की। इससे पहले कार्यकर्ता यूथ कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक रैली निकालकर पहुंचे। कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मिट्टी का चूल्हा लाकर उसमें लकड़ी, गोबर के कंडे जलाकर चाय बनाई। इस दौरान प्रदर्शन में मौजूद एक महिला कार्यकर्ता ने मौके पर ही आटा गूंथा और उससे रोटी बनाई। चूल्हे पर बनी चाय सभी कार्यकर्ताओं को पिलाई गई। विरोध कर रहे यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बताया कि रसोई गैस पर मिलने वाली सब्सिडी को केन्द्र सरकार ने बंद कर दिया। गैस के दामों में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है। कोरोनाकाल में लोग वैसे ही बेरोजगारी और महंगाई से परेशान है। हिन्दुस्थान समाचार/दिनेश / ईश्वर