जयपुर, 27 मई (हि.स.)। बढ़ती महंगाई के खिलाफ केंद्र की सरकार और भाजपा को घेरने की रणनीति पर कांग्रेस ने दोबारा काम करना शुरू कर दिया है। लगातार बढ़ रही महंगाई के विरोध में कांग्रेस देशभर में विरोध प्रदर्शन शुरू करेगी। कोरोना के बढ़ते प्रभाव के चलते कांग्रेस का यह प्रदर्शन सडक़ों पर नहीं, बल्कि सोशल मीडिया के माध्यम से होगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बताया कि प्रदेश के सभी मंत्री, विधायक और कांग्रेस के नेता अपने-अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉम्र्स का इस्तेमाल करेंगे और मोदी सरकार को न केवल पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दाम बल्कि महंगाई को लेकर घेरेंगे। अपनी बात रखेंगे। पेट्रोल-डीजल की दरों में लगातार वृद्धि और बढ़ती महंगाई के मामले में कांग्रेस की ओर से विरोध पखवाड़ा शुरू किया जाएगा और सोशल मीडिया कैंपेन के जरिए कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता मोदी सरकार और भाजपा पर हमला करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि प्रदेश में पेट्रोल 100 के पार हो गया है और डीजल भी 100 की तरफ बढ़ रहा है। पहले मोदी, रामदेव, स्मृति ईरानी जो पेट्रोल को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, वे गायब हो गए हैं। जिस सोशल मीडिया के जरिए मोदी चुनाव जीत कर आए अब उसी सोशल मीडिया पर बैन लगाने की तैयारी मोदी सरकार कर रही है, लेकिन इस बार कांग्रेस पार्टी इसी सोशल मीडिया के माध्यम से केंद्र की मोदी सरकार को घेरेगी। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप




