जयपुर, 12 अप्रैल (हि. स.)। राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तथा विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी ने चेटीचंड एवं नवसंवत्सर 2078 के मौके पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए दोनों पर्वों पर समृद्धि की कामना की है। राज्यपाल कलराज मिश्र ने देश और प्रदेशवासियों को नव संवत्सर 2078 आरम्भ होने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल मिश्र ने ईश्वर से कामना की है कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा 13 अप्रैल पर नव वर्ष का आगमन सभी के लिए शुभ और धन-धान्य तथा समृद्धि कारक हो। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने चेटीचण्ड के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। गहलोत ने कहा कि भगवान झूलेलाल के संदेश आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि वे भगवान झूलेलाल के आदर्शों व उनकी शिक्षाओं को आत्मसात कर प्रदेश में सामाजिक समरसता की भावना को मजबूती प्रदान करें। राजस्थान विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी ने प्रदेशवासियों को चेटीचण्ड व नव संवत्सर 2078 पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप




