नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । राजस्थान में ठंड ने इस समय अपने तीखे तेवर दिखा दिए हैं। सर्द हवाओं के चलते रेगिस्तानी और मैदानी इलाकों में सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। सोमवार को लगातार दूसरे दिन कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया, जिससे ठिठुरन और बढ़ गई। नागौर, झुंझुनूं, फलोदी और सीकर जिले के फतेहपुर क्षेत्र में भीषण ठंड देखने को मिली। हालात ऐसे रहे कि खुले में रखे बर्तनों का पानी तक जम गया। वहीं जैसलमेर, कोटपूतली-बहरोड़ सहित अन्य जिलों में वाहनों और खेतों पर जमी ओस ने ठंड की तीव्रता को और बढ़ा दिया।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सीकर के फतेहपुर और पलसाना में न्यूनतम तापमान माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पाली में अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले रविवार को फतेहपुर में तापमान माइनस 2 और नागौर में माइनस 1 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था। भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल सर्दी से राहत मिलने की संभावना कम है और अगले कुछ दिनों तक ठंड का असर बना रह सकता है। 14-15 जनवरी के बाद तापमान में हल्की बढ़ोतरी की उम्मीद जताई गई है। कड़ाके की ठंड को देखते हुए शिक्षा विभाग ने जयपुर सहित 11 जिलों में स्कूलों की छुट्टियाँ आगे बढ़ा दी हैं।
राजस्थान में कोहरे का कहर, कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम
राजस्थान में कड़ाके की ठंड के साथ सोमवार को घने कोहरे ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी। सुबह के समय सीकर और नागौर के ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों के ऊपर घना कोहरा छाया रहा, जिससे सामान्य गतिविधियां प्रभावित हुईं। श्रीगंगानगर जिले के लालगढ़ जाटान क्षेत्र में हालात और भी गंभीर रहे, जहां कोहरे के कारण दृश्यता घटकर 5 मीटर से भी कम रह गई। इस वजह से सड़कों पर वाहन चलाना बेहद जोखिम भरा हो गया। वहीं जैसलमेर के चांधन क्षेत्र के धायसर इलाके में सरसों की फसल पर जमी ओस की बूंदें बर्फ में तब्दील हो गईं। पाले के असर से किसानों की चिंता बढ़ गई है। उदयपुर में भी सुबह के समय झीलों के ऊपर कोहरे की चादर देखी गई। राजस्थान के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में ठंड का असर सबसे ज्यादा नजर आया, जहां खड़ी गाड़ियों की छतों पर बर्फ जम गई।
राजस्थान में दिन का तापमान
सोमवार को राजस्थान के प्रमुख जिलों में अधिकतम तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिला। अजमेर में दिन का तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि भीलवाड़ा में यह 24.1 डिग्री रहा। अलवर में अधिकतम तापमान 22.0 डिग्री और जयपुर में 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पिलानी में दिन का पारा 19.2 डिग्री तक सीमित रहा, वहीं सीकर में 23.5 डिग्री और कोटा में 22.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
चित्तौड़गढ़ में 25.6 डिग्री और बाड़मेर में 26.2 डिग्री के साथ अपेक्षाकृत गर्म मौसम रहा। जैसलमेर में अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री और जालौर में 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जोधपुर में दिन का तापमान 26.0 डिग्री रहा, जबकि माउंट आबू में ठंड का असर बना रहा और यहां अधिकतम तापमान 19.4 डिग्री दर्ज किया गया। बीकानेर में 22.0 डिग्री, चूरू में 21.5 डिग्री और श्रीगंगानगर में 18.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। नागौर में 24.3 डिग्री और डूंगरपुर में 25.3 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा सिरोही में 23.6 डिग्री, फतेहपुर (सीकर) में 23.5 डिग्री, करौली में 21.6 डिग्री, दौसा में 24.2 डिग्री और झुंझुनूं में 20.7 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
कई जिलों में तापमान 5 डिग्री से नीचे पहुंचा
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को राजस्थान के कई जिलों में रात का तापमान बेहद नीचे चला गया। अजमेर में न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि वनस्थली में यह 5.1 डिग्री रहा। अलवर में पारा गिरकर 2.6 डिग्री और जयपुर में 7.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पिलानी में रात का तापमान 1.5 डिग्री तक पहुंच गया, वहीं सीकर में यह 2.0 डिग्री दर्ज हुआ। कोटा में न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री और चित्तौड़गढ़ में 8.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बाड़मेर में रात का पारा 6.9 डिग्री और जैसलमेर में 2.5 डिग्री दर्ज किया गया।
जालौर और जोधपुर में न्यूनतम तापमान क्रमशः 8.3 और 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा। माउंट आबू में ठंड का असर साफ दिखा, जहां रात का तापमान 4.2 डिग्री दर्ज हुआ। फलोदी में 5.8 डिग्री और बीकानेर में 5.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। चूरू में सर्दी का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला, जहां न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री तक गिर गया। श्रीगंगानगर में यह 3.6 डिग्री और नागौर में 2.4 डिग्री दर्ज किया गया। सिरोही में रात का तापमान 3.9 डिग्री रहा, जबकि सीकर जिले के फतेहपुर में पारा शून्य से नीचे फिसलकर माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इसके अलावा दौसा में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री और झुंझुनूं में 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शीतलहर और घने कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग ने चेताया है कि राजस्थान में भीषण ठंड का दौर अभी कुछ समय तक जारी रहने वाला है। फिलहाल प्रदेशवासियों को सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद कम है और 14–15 जनवरी के बाद ही तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी जा सकती है। विभाग के अनुसार, राज्य के ज्यादातर हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रहेगा। आने वाले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, हालांकि इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक इजाफा हो सकता है।
मौसम विभाग ने यह भी बताया कि प्रदेश के उत्तरी जिलों में अगले दो से तीन दिनों के बीच कहीं-कहीं शीतलहर से अति शीतलहर चलने और घना कोहरा छाने की आशंका है। ऐसे में सुबह और रात के समय जनजीवन पर असर पड़ सकता है और लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।





