जयपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान में कोरोना महामारी से पीडित मरीजों की लगातार बढ़ रही संख्या को थामने के लिए गहलोत सरकार रविवार को कुछ कड़े फैसले ले सकती है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को ट्वीट कर इसके संकेत दे दिए है। उन्होंने ट्वीट में लिखा है कि रविवार को मंत्रीपरिषद की बैठक लेने के बाद शाम को कोरोना समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद राजस्थान तथा प्रदेशवासियों के हित में कड़े फैसले किए जाएंगे। राजस्थान में लगातार बढ़ रही कोरोना संक्रमितों की संख्या तथा संक्रमण के कारण हो रही मौतों को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत चिंतित है। वे इस मुद्दे पर लगातार ट्वीट कर आमजन को इस महामारी के घातक प्रभाव के बारे में चेता रहे है। राजस्थान में पहली बार वीकेण्ड कर्फ्यू के बावजूद शनिवार को कोरोना से पीडित नौ हजार से अधिक नए मरीज मिले हैं, जबकि संक्रमण से 37 लोगों की जान चली गई। इस पर मुख्यमंत्री गहलोत ने भी चिंता प्रकट की। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि देश और प्रदेश में जिस तरह से मरीजों व मृतकों की संख्या बढ़ती जा रही है, हालात चिंताजनक हैं, आज भी प्रदेश में 9046 कोविड केस आए हैं और 37 लोगों की मृत्यु हुई है। इसी संदर्भ में आज लगभग साढ़े तीन घंटे समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने लिखा कि कल (रविवार को) निवास पर मंत्रीपरिषद की बैठक होगी, जिसमें कोविड को लेकर चर्चा करने के बाद शाम को पांच बजे वापस कोविड रिव्यू मीटिंग होगी। जिसे सभी के लिए ओपन रखेंगे और इसके बाद कुछ जरूरी फैसले लिए जाएंगे। हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता जीवन बचाना है। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप





