उपचुनाव में विजयी कांग्रेस की गायत्री देवी और मनोज मेघवाल को मुख्यमंत्री ने दी बधाई
जयपुर, 02 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सहाड़ा, भीलवाड़ा से कांग्रेस उम्मीदवार गायत्री देवी एवं सुजानगढ़, चूरू से मनोज मेघवाल को विधानसभा उपचुनाव में विजयी होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री गहलोत ने रविवार को सोशल मीडिया पर बधाई संदेश देते हुए कहा कि सहाड़ा, भीलवाड़ा से कांग्रेस उम्मीदवार गायत्री देवी एवं सुजानगढ़, चूरू से मनोज मेघवाल को उपचुनाव विजयी होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। राजसमंद उपचुनाव भी सभी ने एकजुट होकर लड़ा और यहां भाजपा की जीत का अंतर बेहद सामान्य रहा है। क्षेत्र की जनता को धन्यवाद देते हुए गहलोत ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशियों को अपना आशीर्वाद और समर्थन देकर क्षेत्र की जनता ने हमारी सरकार को और अधिक मजबूती प्रदान की है और विकास की कड़ी-से कड़ी जोड़ी है इसके लिए मैं मतदाताओं के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करता हूं। कांग्रेस पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं को भी बधाई देता हूँ। हिन्दुस्थान समाचार/संदीप/ ईश्वर