राज्यपाल पर कोई कंकड़ उठा तो पहले मुख्यमंत्री खुद पर लेंगे - खाचरियावास
राज्यपाल पर कोई कंकड़ उठा तो पहले मुख्यमंत्री खुद पर लेंगे - खाचरियावास

राज्यपाल पर कोई कंकड़ उठा तो पहले मुख्यमंत्री खुद पर लेंगे - खाचरियावास

जयपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। राजभवन के घेराव पर भारतीय जनता पार्टी समेत सोशल मीडिया पर लोगों के निशाने पर आए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पक्ष में रविवार को प्रदेश के परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि राज्यपाल का पद संवैधानिक है और उन पर यदि कोई कंकड़ उछलेगा तो सबसे पहले मुख्यमंत्री अपने तन पर उसे झेलेंगे। मुख्यमंत्री के बयान को गलत तरीके से तोड़ा-मरोड़ा जा रहा है। खाचरियावास ने कहा कि राज्यपाल कलराज मिश्र भाजपा के कार्यकर्ता नहीं हैं, वे राजस्थान सरकार के प्रमुख हैं। यह हमारा नैतिक और कानूनी अधिकार है कि हम अपनी समस्याओं को बताने के लिए घर के मुखिया के पास जाएं। उनसे कानून की रक्षा करने और हमारे अधिकारों की मांग करने का अनुरोध करें। सीएम हाउस और राज्यपाल की दीवार एक ही है, कोई भी कंकड़ आता है तो मुख्यमंत्री पहले अपने सिर लेंगे। राज्यपाल की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है। वे पूरे प्रदेश के राज्यपाल है। खाचरियावास ने साफ किया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सिर्फ यह कहा था कि लोग राजभवन आएंगे। इसका यह मतलब नहीं था कि लोग राजभवन के अंदर जाएंगे। अगर राज्यपाल पर एक भी कंकड़ फेंका जाता है तो सीएम गहलोत खुद इसका सामना पहले करेंगे। राजस्थान कैबिनेट उसका सामना करेगी। राजस्थान पुलिस उसका सामना करेगी। उन्होंने कहा कि राज्यपाल को कानून और नैतिकता का साथ देना चाहिए, हमारा उनसे यही आग्रह है। भाजपा की साजिश बेनकाब अपने जन्मदिन के मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर में शामिल होने के बाद चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि राजस्थान की चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने की भाजपा की साजिश बेनकाब हो चुकी है। भाजपा के लोगों ने हमारे साथियों को बरगलाकर अपना मंसूबा पूरा करना चाहा, लेकिन हमारे पास नंबर गेम है, पूर्ण बहुमत है। भाजपा अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाएगी। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ ईश्वर-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.