bjp-workers-should-celebrate-service-week-on-completion-of-seven-years-of-modi-government-union-minister
bjp-workers-should-celebrate-service-week-on-completion-of-seven-years-of-modi-government-union-minister

मोदी सरकार के सात वर्ष पूरे होने पर भाजपा कार्यकर्ता मनाएं सेवा सप्ताह : केंद्रीय मंत्री

बाड़मेर, 29 मई (हि.स.)। केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री एवं स्थानीय सांसद कैलाश चौधरी ने शनिवार को संसदीय क्षेत्र की बाड़मेर, बायतू, शिव एवं चौहटन विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में वर्चुअल रूप से भाग लिया। इन बैठकों में कैलाश चौधरी ने सेवा ही संगठन अभियान एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के दूसरे कार्यकाल के 2 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित किए जाने वाले सेवा कार्यों के संदर्भ में चर्चा की। इन बैठकों में अलग अलग विधानसभा क्षेत्रों के सभी पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, जिला संगठन प्रभारी नारायण पंचारिया, जिलाध्यक्ष आदूराम मेघवाल, जिला महामंत्री बालाराम मूंढ़, सम्पत बोथरा व स्वरूपसिंह खारा, डॉ. प्रियंका चौधरी एवं जिला भाजपा मीडिया प्रभारी ललित बोथरा उपस्थित रहे। बैठक में मोदी सरकार के सात वर्ष पूर्ण होने पर सेवा सप्ताह के रूप में बेमिसाल सात साल जिला भाजपा द्वारा मनाए जाने का निर्णय लिया गया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी और जिलाध्यक्ष आदूराम द्वारा इसकी रूपरेखा तैयार की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए कैलाश चौधरी ने कहा कि कोरोना महामारी जैसी विपदा में भारतीय जनता पार्टी लगातार सेवा ही संगठन को साकार करते हुए पूरे प्रदेश में प्रभावित लोगों के सेवा में तत्परता के साथ लगी हुई है। भोजन, राशन, मास्क, वेंटिलेटर, दवा से लेकर ऑक्सीजन उपलब्ध करवाने के कार्य में संगठन लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट काल में सभी देशवासी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस संकट को पराजित करने में अपनी भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। इसी कड़ी में टीकाकरण के लिए जागरूकता एवं टेस्टिग के लिए लोगों को प्रेरित करने का कार्य भी पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा लगातार किया जा रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष आदूराम मेघवाल ने कहा कि मोदी सरकार के सात साल पूरा होने के उपलक्ष्य में भाजपा कार्यकर्ता कोरोना नियम का पालन करते हुए 30 मई से सभी गांव में सेवा कार्यक्रम के तहत मास्क वितरण, सैनेटाइजर वितरण और भोजन वितरण आदि कार्यक्रम करने जा रहे है। इन कार्यक्रमों के तहत टीकाकरण के लिए जागरूकता एवं दुष्प्रचार को भी रोकने का कार्य भी किया जाएगा। कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि नरेंद्र मोदी की अगुवाई में भाजपा सरकार के सात वर्ष पूर्ण हो रहे है। इस समयावधि में भारत दुनिया में सबसे तेज गति से विकसित होने वाले देशों में शामिल हुआ है। कोरोना का यह दुखद कालखंड जल्द ही हम लोगों के बीच से समाप्त हो जाने वाला है। तब भारत स्वाभाविक तौर पर दुनिया के सबसे तेज गति से आगे बढऩे वाला देश होगा। चौधरी ने वैक्सीन पर कुछ लोगों द्वारा फैलाये जा रहे भ्रम को तोड़ कर सकारात्मक प्रभावों की चर्चा कर अधिक से अधिक लोगों को वैक्सीन लेने के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी में वैक्सीन जीवन सुरक्षा कवच के रूप में है और इसलिए इसके सकारात्मक प्रभावों की चर्चा कर लोगों को सुरक्षित करना पार्टी के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। इसीलिए पार्टी नेतृत्व द्वारा जारी दिशा निर्देश के तहत 30 मई से सभी कार्यकर्ता सेवा ही संगठन कार्य योजना को समर्पण पूर्वक जिले के हर बूथ तक जाकर सेवा कार्य करेंगे। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने अपने बूथ पर जन जागरूकता, मास्क व सैनेटाईजर वितरण, गरीब व असहाय लोगों के लिए राशन की व्यवस्था, आक्सीमीटर का वितरण व रक्तदान का महत्वपूर्ण कार्य करेंगे। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ ईश्वर

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in