उदयपुर, 12 मार्च (हि.स.)। भाजपा ने राजस्थान में कांग्रेस सरकार पर वादाखिलाफी और विभिन्न समस्याओं से परेशान जनता को राहत नहीं देने में नाकामी का आरोप लगाते हुए जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। उदयपुर में जिला कलेक्ट्रेट के सामने बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एकत्र हुए और राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। भाजपा शहर जिलाध्यक्ष रवीन्द्र श्रीमाली, नगर निगम उपमहापौर पारस सिंघवी, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अलका मूंदड़ा आदि के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में वक्ताओं ने सरकार द्वारा कर्ज माफी में ढिलाई बरतने, चुनाव पूर्व बेरोजगार युवाओं को नौकरी एवं 3500 रुपये का मासिक भत्ता देने से मुकरने, बिजली के बिलों में बेतहाशा वृद्धि ,अवैध वीसीआर, महिला उत्पीड़न, अनुसूचित जाति अत्याचार, बजट में झूठी घोषणाएं, पेयजल समस्या, बलात्कार गैंगरेप, लचर कानून व्यवस्था, बजरी एवं खनन माफिया की मनमानी, अनैतिक शराब नीति आदि मुद्दों पर सरकार को जमकर घेरा। भाजपा उदयपुर मीडिया प्रभारी चंचल कुमार अग्रवाल ने बताया कि कलेक्ट्रेट पर हुए प्रदर्शन भारतीय जनता पार्टी जिला उदयपुर के 6 मंडलों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। धरने से पूर्व सुबह 10 बजे भारतीय जनता पार्टी के डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी मंडल, राणा प्रताप मंडल, पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल, सरदार पटेल मंडल, डॉ भीमराव अंबेडकर मंडल, सुंदर सिंह भंडारी मंडल,समस्त मोर्चो और प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता, जिला पदाधिकारी, पार्षद एवं जनप्रतिनिधि टाउन हॉल पर एकत्रित हुए और जुलूस के रूप में बापूबाजार होते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। सुबह 11 बजे से शुरू हुआ धरना-प्रदर्शन 1 बजे तक चला। प्रदर्शन में कोरोना बचाव की गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुए मास्क की अनिवार्यता रखी गई। धरने के पश्चात जिला कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किया गया। हिन्दुस्थान समाचार/सुनीता कौशल / ईश्वर





