bjp-leaders-including-former-chief-minister-raje-pay-homage-to-rajmata
bjp-leaders-including-former-chief-minister-raje-pay-homage-to-rajmata

पूर्व मुख्यमंत्री राजे समेत भाजपा नेताओं ने किया राजमाता को श्रद्धापूर्वक याद

जयपुर, 25 जनवरी (हि. स.)। पूर्व ग्वालियर राजघराने की राजमाता और भाजपा नेता विजया राजे सिंधिया की पुण्यतिथि के मौके पर सोमवार को भाजपा के साथ ही विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता उनके व्यक्तित्व व कृतित्व को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। उनकी बेटी व पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी अपनी मां को नमन करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। मां की पुण्यतिथि पर बेटी राजे ने ट्वीट संदेश में श्रद्धांजलि देते हुए राजमाता विजया राजे को सेवा, स्नेह व समर्पण की मूरत बताया। उन्होंने लिखा कि राजमाता ने भारतीय संस्कृति की मर्यादा बनाए रखते हुए राजपथ से निकलकर लोकपथ का दामन थामा। उनके सिद्धांत हमेशा हमारा पथ प्रदर्शन करते रहेंगे। राजे ने एक अन्य ट्वीट में लिखा कि स्वर्गीय अम्मा महाराज के आदर्श जीवन, सिद्धान्त और जनसेवा का भाव ना सिर्फ मेरे लिए बल्कि उन सभी राष्ट्रभक्तों के लिए प्रेरणा है, जो सांसारिक मोह-माया को त्यागकर राष्ट्रसेवा को अपना परम धर्म समझते हैं। राजे ने लिखा कि भारतीय राजनीति में महिलाओं को आगे लाने में राजमाता का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वे राजपथ से निकलकर लोकपथ में आने वाली देश की पहली ऐसी महिला थीं, जिन्होंने महिला मोर्चा का गठन कर संगठन व देश के विकास को एक नई दिशा प्रदान की। एक अन्य ट्वीट में राजे ने लिखा कि अम्मा महाराज का व्यक्तित्व भारतीय संस्कृति के संस्कारों से परिपूर्ण था। यही कारण है कि राजमाता ने आजीवन आम लोगों विशेषकर समाज के पिछड़े वर्ग, महिलाओं व बच्चों के कल्याण के लिए समर्पित होकर काम किया। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने भी राजमाता को याद करते हुए उन्हें श्रद्धाजंलि अर्पित की। उन्होंने लिखा कि त्याग और समर्पण की प्रतिमूर्ति राजमाता विजयाराजे सिंधिया की पुण्यतिथि पर कोटि-कोटि नमन। नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने लिखा कि भारतीय जनता पार्टी की संस्थापक सदस्य, त्याग एवं समर्पण की प्रतिमूर्ति राजमाता विजया राजे सिंधिया की पुण्यतिथि पर उन्हें सादर नमन। उप नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने लिखा कि राजसी वैभव छोडक़र अपना सर्वस्व जनसेवा में न्यौछावर करने वाली त्याग, समर्पण, सादगी और सहजता की प्रतिमूर्ति, भारतीय जनता पार्टी की संस्थापक सदस्य श्रद्धेय राजमाता विजयाराजे सिंधिया की पुण्यतिथि पर उन्हें सादर नमन। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in