जयपुर, 01 जून (हि.स.)। जयपुर के रामगंज में समाजसेवी हाजी रफअत अहमद के जनाजे में भीड़ एकत्र होने को लेकर भारतीय जनता पार्टी प्रदेश की गहलोत सरकार पर हमलावर हो गई है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ तथा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने इसे तुष्टिकरण की नीति करार देते हुए गहलोत सरकार पर तीखा हमला बोला है। कर्नल राज्यवद्र्धन सिंह राठौड़ ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा है कि इस समय किसी का भी देहांत हो बहुत दु:ख की बात है। हम अपनी संवेदना प्रकट करते है उनके परिवार और समुदाय के लिए। लेकिन ये जो तुष्टिकरण की राजनीति है जहां अलग-अलग समुदाय के लिए अलग-अलग कानून है, ये बिल्कुल गलत है और हम इसका विरोध करते है। ये कांग्रेस की राजनीति रही है, कांग्रेस पार्टी की जहां-जहां सरकार होती है वहां ये तुष्टिकरण की राजनीति करते है। इसका एक खुला सबूत है जो राजस्थान में कल हुआ। जहां सरकार ने व्यवस्था बनाई हुई है कि दाह संस्कार में सीमित लोग ही जाएं उसके बावजूद सरकार ने अपनी आंख बन्द कर दी और व्यवस्था भी की। हजारों लोग शामिल हुए उनके जनाजे में। कोविड़ खत्म नहीं हुआ है और कोविड़ समुदाय और धर्म देखकर संक्रमण रोकता या फैलाता नहीं है। ऐसी हालात में जो कानून लागू हुआ है, वह सभी के लिए होना चाहिए और इस तुष्टिकरण की हम बिल्कुल खिलाफत करते है। नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने भी रामगंज में हाजी रफअत के जनाजे में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी पर सवाल उठाए। उन्होंने सरकार से पूछा कि, क्या सरकार अलग-अलग धर्मों में भी भेदभाव करती है? कटारिया ने कहा कि सरकार के लिए तो सभी धर्म समान होने चाहिए, लेकिन प्रदेश में तुष्टीकरण की नीति साफ तौर पर दिख रही है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों श्रमणसंघी सौभाग्य मुनि के स्वर्गवास के बाद जो लोग गांव में दर्शन करने पहुंचे, उन्हें भगाने के लिए भारी संख्या में पुलिस का जाब्ता लगा दिया गया था जबकि जयपुर में जनाजे के दौरान पुलिस व्यवस्थाएं बनाते दिखाई दी। कटारिया ने कहा कि कांग्रेस सरकार में जिस तरह एक वर्ग विशेष को ही छूट दी जा रही है, वह बिल्कुल गलत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को यह भी देखना चाहिए कि वह लगातार जिस तरह लॉकडाउन के लिए गाइडलाइंस बनाते हैं और उनकी ही पार्टी के विधायक की मौजूदगी में उस प्रोटोकॉल का उल्लंघन होता है तो इसका जिम्मेदार कौन है? कटारिया ने पूछा कि क्या इसके लिये जिम्मेदार कांग्रेस के विधायक हैं, प्रशासन है पुलिस है या कोई अन्य? गौरतलब है कि जयपुर के रामगंज में समाजसेवी हाजी रफअत अहमद का सोमवार को इंतकाल हो गया था, जिनके मंगलवार को निकाले गए जनाजे में हजारों लोगों की मौजूदगी रही। कोरोना की पाबंदियों के बावजूद स्थानीय पुलिस प्रशासन भी जनाजे के दौरान व्यवस्थाएं बनाते दिखा। इसे लेकर अब भाजपा हमलावर हो रही है। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित




