bjp-attacked-the-gehlot-government-in-an-ambulance-in-a-gangrape-case-against-a-woman
bjp-attacked-the-gehlot-government-in-an-ambulance-in-a-gangrape-case-against-a-woman

एम्बुलेंस में महिला से गैंगरेप मामले में भाजपा हुई गहलोत सरकार पर हमलावर

जयपुर, 27 मई (हि.स.)। जयपुर में खाना मांग रही महिला के साथ एंबुलेंस कर्मियों के गैंगरेप के मामले में राजनीति तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां और प्रतिपक्ष के उपनेता राजेंद्र राठौड़ ने इस मामले में गहलोत सरकार और मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं से लग रहा है कि जनता का सरकार से इकबाल खत्म हो चुका है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत इस कोरोना काल में हर गरीब को भोजन और सुरक्षा देने की बात कहते हैं, लेकिन ना तो सरकार आम गरीब को भोजन उपलब्ध करा पाई और ना प्रदेश की बहन बेटियों की अस्मत बचा पाई। यह घटना इस बात की सबूत है। अब जनता का पुलिस प्रशासन के साथ ही सरकार से भी इकबाल खत्म होने लगा है। मौजूदा अपराधिक घटनाओं के चलते राजस्थान देश के सर्वाधिक अपराध ग्रस्त राज्यों में शुमार हो गया है। घटना शर्मसार करने वाली और सरकार के सख्त लॉकडाउन की पोल खोलने वाली है। प्रतिपक्ष के उपनेता राजेन्द्र राठौड़ ने इस मसले पर ट्वीट कर सरकार पर जुबानी हमला बोला। राठौड़ ने 7 महीने की गर्भवती महिला के साथ एंबुलेंस में गैंगरेप की घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और मानवता को शर्मसार करने वाली बताया। राठौड़ के अनुसार यह घटना राज्य सरकार की ओर से लगाए गए सख्त लॉकडाउन की पोल खोलते हुए पुलिस प्रशासन की कथित मुस्तैदी की हकीकत को बयां कर रही है। राठौड़ ने कहा कि प्रदेश में सत्ताधारी कांग्रेस सरकार के कुशासन में लचर कानून व्यवस्था के कारण अपराधियों के हौसलें बुलंद हैं और विशेष रूप से महिलाओं और मासूम बच्चियों के साथ बढ़ रही दुष्कर्म की घटनाएं रिकॉर्ड तोड़ रही हैं। सख्त लॉकडाउन और प्रमुख चौराहों व सडक़ों पर पुलिस का पहरा होने के बावजूद भी पुलिस प्रशासन को ठेंगा दिखाते हुए एंबुलेंस में दो दरिंदों ने गर्भवती महिला के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दे दिया, जिससे प्रदेश में सख्त लॉकडाउन और नाकाबंदी की हकीकत स्वत: ही बयां हो रही है। उपनेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा था कि कोरोना महामारी में कोई भूखा नहीं सोना चाहिए, लेकिन जब भूख से बिलखती एक गर्भवती महिला की ओर से रोटी मांगने पर उसकी अस्मत लूट ली जाए तो इससे बड़ी शर्मनाक बात क्या होगी। महिलाओं-बच्चियों के साथ गैंगरेप, छेड़छाड़, दुष्कर्म की वारदातें प्रदेश को कलंकित कर रही हैं। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ ईश्वर

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in