approval-for-creation-of-new-sub-division-aburoad-and-new-tehsil-deldar-in-sirohi
approval-for-creation-of-new-sub-division-aburoad-and-new-tehsil-deldar-in-sirohi

सिरोही में नई तहसील देलदर और नए उपखण्ड आबूरोड में बनने को मिली मंजूरी

जयपुर, 29 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सिरोही जिले में एक नए उपखण्ड कार्यालय तथा एक नई उप तहसील के सृजन को मंजूरी दी है। गहलोत ने नवीन उपखण्ड कार्यालय आबूरोड तथा नई तहसील देलदर के सृजन की स्वीकृति दी है। आबू पर्वत की पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था, ईको सेंसटिव जोन, आबूरोड के औद्योगिक क्षेत्र एवं आवागमन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय किया गया है।

नवीन उपखण्ड आबूरोड में 4 भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्त, 17 पटवार मण्डल एवं 55 राजस्व ग्राम शामिल होंगे। इसी प्रकार नवसृजित तहसील देलदर में 3 भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्त, 12 पटवार मण्डल तथा 42 राजस्व ग्राम प्रस्तावित हैं। गहलोत के इस निर्णय से लोगों को स्थानीय स्तर पर ही राजस्व कार्यों में आसानी होगी। आबूरोड उपखण्ड मुख्यालय के सृजन से कानून व्यवस्था एवं निर्वाचन कार्यों के साथ ही आमजन को प्रशासनिक कार्यों के लिए सुगमता होगी।

आबूरोड के लोगों को उपखण्ड कार्यालय से सम्बन्धित काम-काज के लिए आबू पर्वत नहीं जाना पड़ेगा। साथ ही क्षेत्र के सुनियोजित विकास में भी इससे मदद मिलेगी। उल्लेखनीय है कि गहलोत ने वर्ष 2021-22 के बजट सत्र के दौरान प्रशासनिक इकाइयों के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए प्रदेश में विभिन्न नए उपखण्ड एवं तहसील कार्यालय खोलने, उप तहसीलों के क्रमोन्नयन एवं नए उप तहसील कार्यालय खोलने की घोषणाएं की थीं।

इन घोषणाओं के क्रम में मुख्यमंत्री ने सिरोही जिले के लिए यह स्वीकृति दी है। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ ईश्वर

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in