नाम वापसी के बाद 90 निकायों के लिए 197 उम्मीदवारों में होगा अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला

after-withdrawal-197-candidates-for-90-bodies-will-compete-for-the-post-of-president
after-withdrawal-197-candidates-for-90-bodies-will-compete-for-the-post-of-president

जयपुर, 04 फरवरी (हि. स.)। राजस्थान के 20 जिलों के 90 निकायों में निकाय प्रमुखों को लेकर गुरुवार को तस्वीर साफ हो गई। चुनाव के लिए गुरुवार को नामांकन वापसी के आखिरी दिन भाजपा-कांग्रेस की लाख मनुहार के बावजूद 68 उम्मीदवारों ने नामवापसी की। इसके बाद अब 90 निकायों के लिए 197 उम्मीदवार मैदान में रह गए हैं। सर्वाधिक उम्मीदवार झुंझुनूं जिले की चिढ़ावा नगरपालिका में 6 हैं, जबकि अन्य सभी निकायों में 2 से 3 उम्मीदवार मैदान में है। तीन नामांकन खारिज किए गए हैं। दोपहर तीन बजे तक नामांकन वापस लेने के समय तक भाजपा व कांग्रेस के जिलाधिकारी मैदान में डटे उम्मीदवारों की मान-मनौव्वल करते रहे। तय प्रक्रिया के अनुसार गुरुवार की शाम पांच बजे फाइनल प्रत्याशियों की सूची जारी होने के साथ ही उन्हें चुनाव चिन्ह भी आवंटित कर दिए गए। अजमेर नगर निगम के मेयर पद पर चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने वाले निर्दलीय उम्मीदवार पिंकी, चंचल और काजल यादव ने गुरुवार को अपने नाम वापस ले लिए। ऐसे में अब भाजपा की ब्रजलता हाड़ा और कांग्रेस की द्रौपदी देवी के बीच सीधा मुकाबला है। शहर के 80 वार्डों में भाजपा के 48 पार्षद जीते हैं, जबकि कांग्रेस के 18 पार्षद हैं। ऐसे में ब्रजलता हाड़ा का मेयर बनना लगभग तय है। हालांकि, कांग्रेस लगातार दावा कर रही है कि भाजपा के कई पार्षद उनके संपर्क में हैं। राज्य में कांग्रेस की सरकार भी है। ऐसे में फिलहाल 7 फरवरी को मतदान के बाद ही पता चल पाएगा कि शहर की कमान किसके हाथ आती है। मेयर पद के लिए मतदान 7 फरवरी को सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक होगा। मतदान खत्म होने के बाद तुरंत बाद मतगणना की जाएगी। इसके बाद, नगरीय निकायों के डिप्टी मेयर, उपसभापति व उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया 8 फरवरी को संपन्न होगी। निर्वाचन प्रक्रिया के लिए बैठक सुबह 10 बजे शुरू होगी। सुबह 11 बजे तक नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच के बाद सुबह 11.30 बजे से शुरू होगी। दोपहर 2 बजे तक नाम वापस ले सकते हैं। आवश्यक होने पर मतदान दोपहर 2.30 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतदान के तुरंत बाद मतगणना होगी। निकाय प्रमुखों के चुनाव के लिए 1 और 2 फरवरी को नामांकन लिए गए थे। निकाय प्रमुखों के चुनाव के लिए 90 निकायों में 281 उम्मीदवारों ने 324 नामांकन दाखिल किए है। भाजपा और कांग्रेस से जुड़े नेता लगातार निकाय प्रमुखों के लिए आवेदन करने वाले लोगों से नाम वापसी की अपील करते रहे। बीस जिलों के 90 निकायों में 3035 वार्डों के लिए हुए चुनाव परिणाम में भाजपा को 1140 जगह जीत मिली है, वहीं कांग्रेस ने 1197 वार्ड जीते हैं। जबकि 634 वार्डों में निर्दलीयों की जीत हुई है। 90 निकायों में से कांग्रेस को 19 निकायों में ही पूर्ण बहुमत मिला है, वहीं भाजपा को 24 निकायों में पूर्ण बहुमत हासिल हुआ है। जबकि 46 निकाय ऐसे हैं, जहां पर निर्दलीयों के हाथों में सत्ता की चाबी है। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in