a-unique-demonstration-of-hindu-society-in-baran-expressed-indignation-by-staging-15-minutes-outside-the-houses
a-unique-demonstration-of-hindu-society-in-baran-expressed-indignation-by-staging-15-minutes-outside-the-houses

बारां में हिन्दू समाज का अनूठा प्रदर्शन, घरों के बाहर 15 मिनट धरना देकर जताया रोष

अपडेट... बारां, 23 अप्रैल (हि.स.)। जिले के छबड़ा कस्बे में बीते 11 अप्रैल को हुई चाकूबाजी, हिंसा, लूटपाट, आगजनी व मारपीट की घटना को लेकर हिन्दू सर्व समाज में रोष व्याप्त है। अपने रोष को प्रकट करने के लिए हिन्दू सुरक्षा समिति बारां ने शुक्रवार को अनूठा प्रदर्शन किया। इसके तहत हिन्दू समाज के परिवारों ने अपने-अपने घरों के बाहर 15 मिनट तक धरना देकर छबड़ा हिंसा के मामले में सरकारी कार्रवाई पर विरोध प्रकट किया। धरने के दौरान हिंदू परिवारों की महिला-पुरुष युवक-युवतियों ने भगवा ध्वज तथा विरोध पट्टिका लगाकर आक्रोश प्रकट किया। हिन्दू सुरक्षा समिति बारां के तत्वावधान में इस अनूठे धरना-प्रदर्शन की शुरुआत शुक्रवार सुबह आठ बजे हुई। इसमें हिन्दू परिवारों के सदस्य अपने घर की चौखट, सीढिय़ों, चबूतरे पर आकर बैठे। धरना सवा आठ बजे तक चला। इस दौरान हिन्दू समाज के लोग अपने-अपने हाथों में मांगे लिखी तख्तियां, झंडियां व पताकाएं लेकर बैठे। कई परिवारजनों ने भारत माता की जय के उद्घोष के साथ अपनी मांगों को लेकर नारे भी लगाए। इस सांकेतिक धरने को लेकर गुरुवार को हुई बैठक में बारां के सभी व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संगठनों, धार्मिक संगठनों के साथ राजनीतिक संगठनों ने भी अपने-अपने स्तर पर व्यापक तैयारियां की थी। विश्व हिन्दू परिषद के चित्तौड़ प्रांत के संगठन मंत्री धनराज ने बताया कि निर्दोष हिन्दू समाज के लोगों को प्रशासन द्वारा परेशान करने, झूठे मुकदमे लगाकर हिन्दू समाज के लोगों को पकडऩे, दोषियों को गिरफ्तार नहीं करने, उपद्रवियों के खिलाफ पुलिस प्रशासन का रवैया सख्त नहीं होने, व्यापारियों को हुए नुकसान की भरपाई शीघ्रातिशीघ्र करने जैसी मांगों को लेकर धरने का आह्वान किया गया था। इन मांगों को लेकर क्षेत्र के हिन्दू समाज में रोष व्याप्त है। इस सांकेतिक धरने में व्यापार महासंघ, अखाड़ा परिषद, व्यायाम शाला, राणा प्रताप सेवा संघ,योग क्लब, हास्य क्लब, विवेकानंद पार्क समिति, बजरंग दल, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, सेवा भारती, हिन्दू जागरण मंच, विद्या भारती, किसान संघ और भाजपा सहित सभी सामाजिक धार्मिक, राजनीतिक विचारधारा के बन्धु-भगिनी शामिल हुए। इस सांकेतिक धरने के प्रति उत्साह भी था किन्तु सरकार व प्रशासन के प्रति गुस्सा भी था। उल्लेखनीय है कि गत 11 अप्रैल को छबड़ा में हुई चाकूबाजी, हिन्दू दुकानों में लूटपाट, आगजनी की घटना, हिन्दुओं की गिरफ्तारी व दमन चक्र रोकने और मुस्लिम अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के विरूद्ध हिन्दू समाज में रोष है। हिन्दू सुरक्षा समिति के संरक्षक प्रताप सिंह नागदा ने बताया कि कोरोना से उत्पन्न परिस्थिति और दिशा-निर्देशों के कारण बड़ा प्रदर्शन संभव नहीं था, स्थाई धरना भी संभव नहीं हो पाया। अत: हिन्दू समाज का हर व्यक्ति अपनी बात सरकार और प्रशासन तक कैसे पहुंचाए, इसके लिए घरों के बाहर धरना दे सकते हैं। अबकी बार हिन्दू समाज चुप नहीं बैठेगा जब तक निर्दोष हिन्दू भाईयों पर लगे हुऐ झूठे मुकदमे वापस नहीं होंगे। व्यापारियों को मुआवज़ा नहीं मिलेगा व जब तक मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा। इस आन्दोलन में हिन्दू सुरक्षा समिति द्वारा दिनों दिन एक नए स्वरुप मे हर दिन सरकार व प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कड़े स्वर में कहा कि यदि सरकार व प्रशासन हिन्दुओं को जल्दी न्याय नहीं देता है तो समिति पूरे हाड़ौती अंचल सहित चित्तौड़ प्रांत स्तर तक धरना देगी। हिन्दू सुरक्षा समिति के संयोजक प्रमोद शर्मा ने सभी सामाजिक धार्मिक व राजनीतिक संगठनों के कार्यकर्ताओं और सांकेतिक धरने में सहभागी बनने वाले बारां नगर के भाई-बहनों का आभार प्रकट किया है। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ ईश्वर

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in