1449-safai-karamcharis-made-permanent-for-the-citizens-of-heritage-corporation
1449-safai-karamcharis-made-permanent-for-the-citizens-of-heritage-corporation

हैरिटेज निगम की शहरवासियों के लिए सौगात:1449 सफाई कर्मचारी हुए स्थायी

जयपुर,11 मार्च (हि.स.)। महाशिवरात्रि का त्योहार शहरवासियों और सफाई कर्मचारियों के लिए सौगात भरा रहा। नगर निगम जयपुर हैरिटेज में गुरुवार को आयोजित समारोह में मुख्य सचेतक महेश जोशी, परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, महापौर मुनेश गुर्जर, विधायक आदर्श नगर रफीक खान, उपमहापौर मोहम्मद असलम फारूकी, आयुक्त नगर निगम लोकबंधु ने 1449 सफाई कर्मचारियों को स्थायीकरण की सौगात देते हुए स्थायीकरण आदेश प्रदान किये। इसके साथ ही शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के लिए 56 नये हूपरों तथा 13 रिफ्यूज्ड काॅम्पेक्टरों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। मजबूत होगी कचरा संग्रहण व्यवस्था परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि नये हूपर और आरसी निगम के बेडे में शामिल होने से कचरा संग्रहण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। अब हर वार्ड में निगम का एक हूपर अलग से होगा। आरसी की मदद से कचरे को हूपर से सीधे एकत्रित करके डम्पयार्ड तक पंहुचाना आसान होगा। इससे सडक पर कचरा नही फैलेगा और शहर की सफाई व्यवस्था मजबूत होगी। सफाई कर्मचारियों के स्थायीकरण से उनका मनोबल मजबूत होगा। उन्होने सफाई कर्मचारियों से अपील की कि पूर्ण मनोयोग से शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ कर जयपुर शहर को स्वच्छता में नम्बर-1 बनाये। सभी समस्याओं का निराकरण किया- जोशी मुख्य सचेतक महेश जोशी ने कहा कि सरकार सफाई कर्मचारियों की सभी समस्याओं का निराकरण किया है। यदि कोई समस्या शेष है तो उसका शीघ्र निराकरण किया जायेगा। उन्होने कहा कि सरकार सफाई कर्मचारियों के प्रति संवेदनशील है इसका प्रमाण यह है कि आज तक इतनी जल्दी सफाई कर्मचारियों का स्थायीकरण नही किया गया। वर्ष 2018 में भर्ती सफाई कर्मचारियों को स्थायीकरण का लाभ देकर सरकार ने कर्मचारियों और उनके परिवारों के मनोबल को मजबूत किया है। सफाई कर्मचारी व्यवस्था की रीढ है- महापौर मुनेश महापौर मुनेश गुर्जर ने कहा कि सफाई कर्मचारी निगम की सम्पूर्ण व्यवस्था की रीढ है। यह हमारे आधार स्तम्भ है। सफाई कर्मचारी जितने मजबूत होगें शहर की सफाई व्यवस्था उतनी ही सुदृढ होगी। हम सफाई कर्मचारियों के हितों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उसी कडी में निश्चित समय पर सफाई कर्मचारियों का स्थायीकरण किया गया है। उन्होने कहा कि मुझे विश्वास है कि हम सब मिलकर शहर को सफाई में नंबर वन बनायेगें। विधायक रफीक खान ने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि जिस काम मे बरसों लग जाते है उसे निगम महापौर और निगम प्रशासन ने समय पर पूरा किया इसके लिए सभी बधाई के पात्र है। इस अवसर पर 150 वायरलेस सैट भी वितरित किये गये। इन वायरलेसों की मदद से निगम के फील्ड के अधिकारी,कर्मचारी आपस में त्वरित संवाद कर सकेगें और समस्या समाधान की गति तीव्र होगी। इससे पूर्व सफाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष नन्द किशोर डंडोरिया एवं अन्य प्रतिनिधियों ने अतिथियों का स्वागत किया एवं कार्यक्रम के अंत में सभी का आभार प्रकट किया। हिन्दुस्थान समाचार/दिनेश/संदीप

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in