लुधियाना, 17 जून (हि.स.)। पुलिस कमिशनरेट के अधीन आते जोन-1 में 15 दिनों में 75 से अधिक वारदातों को अंजाम देने के आरोप में पुलिस ने 28 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को दावा है कि इन गिरफ्तार किए गए आरोपितों से अन्य कई वारदातें हल होने की संभावना है। इन वारदातों के दौरान आरोपितों ने 28 स्नैचिंग, 67 मोबाइल व 13 बाइक चोरी करने की बात कबूल की है। गुरूवार को गिरफ्तार किए गए आठ आरोपितों से पुलिस ने 46 मोबाइल, 4 वाहन व अन्य सामान बरामद किए हैं। एडीशनल डिप्टी कमिशनर ऑफ पुलिस डॉक्टर प्रज्ञा जैन ने गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान जमालपुर के रहने वाले मनदीप उर्फ प्रिंस, पकंज उर्फ चन्नी, गुरचरण सिंह उर्फ मीता, जतिंदर सिंह उर्फ छिंदरी, गोपाल, गौरव सहगल, राहुल व यमानुद्दीन के रूप में की गई है। आरोपितों को कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपितों के खिलाफ जोन-1 के अधीन आने वाले पुलिस स्टेशनों में मामलें दर्ज है। डॉ. प्रज्ञा जैन ने बताया कि उक्त आरोपितों की तरफ से थाना कोतवाली, थाना डिवीजन नंबर 2, थाना दरेसी व आसपास के इलाके में कई वारदातों को अंजाम दिया था। शुरुआती पूछताछ के दौरान आरोपितों ने बताया कि सभी आरोपित नशा करने के आदी है और मोटरसाइकिल पर सवार हो कर राहगीरों से मोबाइल छीनते थे या स्टेशनों या फिर फैक्ट्रियों से छुट्टी होने के बाद पैदल जा रहे फेक्ट्री वर्करों से मोबाइल छीन लेते थे। आरोपित वेहड़ों में जाकर प्रवासी लोगों के मोबाइल चुराने, वाहनों चला रहे चालकों की जेब से मोबाइल निकालना, वारदात में प्रयोग किए वाहनों को पुर्जे-पुर्जे कर बेच देना, नशे की पूर्ति के लिए छीने गए मोबाइल सस्ते बेचना आदि वारदातों को अंजाम देते थे। शुरूआती पूछताछ के दौरान पता चला है कि आरोपित मंदीप के खिलाफ 8 व अन्य के खिलाफ अलग अलग अपराधों के तहत मामलें दर्ज है। प्रज्ञा जैन ने बताया कि जोन-1 के अधीन आने वाले पुलिस स्टेशनों कोतवाली, थाना डिवीजन नंबर 2,3,4, दरेसी, बस्ती जोधेवाल व सलेमटाबरी में 28 स्नैचरों को गिरफ्तार किया गया है, जिनसे 67 मोबाइल, 13 वाहन, बरामद कर 75 वारदातों को हल किया गया है। स्नैचरों पर नजर रखने के लिए अलग अलग पुलिस टीमें गठित की गई है, जो कि लगातार गश्त कर इन पर नजर रख रही है। हिन्दुस्थान समाचार / कुमार





