नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। चक्रवात तूफान रेमल की चपेट में आने से भारी बारिश और आंधी-तूफान की चपेट में आने से मिजोरम में 27 लोगों की मौत हो गई है। पश्चिम बंगाल के बाद, चक्रवात तूफान रेमल ने अब पूर्वोत्तर राज्य की ओर दस्तक दे दी है। मिजोरम की राजधानी आइजोल के मेल्थम, ह्लिमेन, फाल्कन और सलेम वेंग इलाके में भारी तबाही हुई है।
मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने मृतकों के लिए ₹4 लाख देने की घोषणा की
मिजोरम के जनसंपर्क विभाग के अनुसार, अबतक 27 लोगों के शव बरामद होने की पुष्टि हुई है। एसडीआरएफ और मेल्थम लोकल काउंसिल की बचाव टीमों ने मिलकर लोगों की तलाश और बचाव अभियान में जुटी है। लैंडसलाइड में कई पीड़ितों की जान चली गई है। द मिंट की रिपोर्ट के अनुसार, बचाव अधिकारी ने कहा कि “बचाव कार्य जारी रहेगा, मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है।” पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने राज्य आपदा राहत कोष (एसडीआरएफ) के लिए ₹15 करोड़ आवंटन की घोषणा की है और मृतकों के लिए अनुग्रह राशि के रूप में ₹4 लाख बढ़ाए हैं।
पूर्वोत्तर राज्यों में चक्रवाती तूफान रेमल का कहर
चक्रवाती तूफान रेमल के कारण हुई भारी बारिश और तूफान से मिजोरम सहित पूर्वोत्तर राज्यों में कम से कम 37 लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग अभी भी लापता हैं। सैकड़ों लोगों को राहत शिविरों में शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा क्योंकि बारिश ने घरों को नष्ट कर दिया और बिजली की लाइनें ध्वस्त हो गईं। मिजोरम इस क्षेत्र में सबसे अधिक प्रभावित राज्य रहा है। चक्रवात रेमल के कारण हुई भारी बारिश ने नागालैंड में 4 लोगों की जान ले ली, 40 से अधिक घरों को नुकसान पहुंचा है। भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण असम में 4 लोगों की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हो गए हैं।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





