नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। महाराष्ट्र में नगर निगम चुनावों की मतगणना के बीच छत्रपति संभाजीनगर से बड़ा विवाद सामने आया है। कैबिनेट मंत्री और शिवसेना नेता संजय शिरसाट ने दावा किया है कि काउंटिंग सेंटर जा रहे उनके कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस घटना में कई कार्यकर्ताओं के घायल होने की बात कही जा रही
करीब 100 पुलिसकर्मियों ने किया लाठीचार्ज
संजय शिरसाट ने कहा कि जब उनके कार्यकर्ता मतगणना केंद्र की ओर जा रहे थे, तभी करीब 100 पुलिसकर्मियों ने उन पर लाठियां बरसाईं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें कई शिवसैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मंत्री ने इस कार्रवाई को पूरी तरह गलत बताया और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। मंत्री शिरसाट ने पुलिस पर निशाना साधते हुए कहा, “अगर आपके डंडे में दम है तो अपराधियों पर दिखाओ, ड्रग माफिया पर दिखाओ, बलात्कारियों पर दिखाओ। हमारे कार्यकर्ताओं पर क्यों दिखा रहे हो? उन्होंने कहा कि यह सत्ता का दुरुपयोग है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
पुलिस ने ताकत का गलत इस्तेमाल किया
शिरसाट ने कहा कि पुलिस ने अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि चुनाव हमारे लिए इतना बड़ा मुद्दा नहीं है, लेकिन कार्यकर्ताओं की सुरक्षा हमारे लिए सबसे ऊपर है। पुलिस को गुंडों पर दादागिरी दिखानी चाहिए, न कि पार्टी कार्यकर्ताओं पर। संजय शिरसाट ने भावुक होते हुए कहा, “कार्यकर्ता हमारे लिए सबकुछ हैं। अगर उनके साथ अन्याय होगा तो हम चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने ऐलान किया कि इस मामले में वे एमएलसी (महाराष्ट्र विधान परिषद) में शिकायत दर्ज कराएंगे और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे। मंत्री ने दावा किया कि उनके कार्यकर्ता और प्रतिनिधि नियम के अनुसार काउंटिंग सेंटर के अंदर जा रहे थे। उसी दौरान पुलिस ने अचानक लाठीचार्ज कर दिया। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से गलत और गैरजरूरी कार्रवाई थी।





