Mumbai Fire: गोरेगांव की एक इमारत में लगी आग, सात की मौत 40 से अधिक घायल; CM ने किया आर्थिक मदद का एलान

Goregaon Building Fire: मुंबई के गोरेगांव इलाके में स्थित समर्थ सृष्टि नाम की 7 मंजिला बिल्डिंग में शुक्रवार तड़के लगी आग में सात लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में 40 से अधिक लोग घायल हो गए है।
CM Eknath Shinde
CM Eknath Shinde

मुंबई, रफ्तार डेस्क। मुंबई के गोरेगांव इलाके में स्थित समर्थ सृष्टि नाम की 7 मंजिला बिल्डिंग में शुक्रवार तड़के लगी आग में सात लोगों की मौत हो गई । आग लगने की सूचना मिलते ही 10 गाड़ियों के साथ पहुंचे फायर ब्रिगेड के जवानों ने करीब 50 लोगों को सुरक्षित निकाला। इनमें से काफी लोगों को धुआं की वजह से सांस लेने में दिक्कत महसूस होने पर कूपर अस्पताल और एचबीटी ट्रॉमा केयर सेंटर पहुंचाया गया। इनमें से कुछ लोग झुलस भी गए हैं। उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव अभियान जारी है।

फायर ब्रिगेड ने किया आग पर नियंत्रण

पुलिस के अनुसार यह बिल्डिंग मुंबई में गोरेगांव के उन्नत नगर में है। बिल्डिंग के तल परिसर की पार्किंग में तड़के करीब तीन बजे आग लगी। कुछ ही देर में पूरी बिल्डिंग लपटों में घिर गई। बताया गया है कि इस बिल्डिंग की पार्किंग में कपड़ों का एक बंडल रखा था। इस बंडल में आग लगने से ही यह हादसा हुआ। पार्किंग में मौजूद 30 दोपहिया और अन्य चारपहिया वाहन भी चपेट में गए। इनमें से अधिकतर वाहन राख हो गए। फायर ब्रिगेड ने फिलहाल आग पर नियंत्रण कर लिया है। कूलिंग का काम चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताई पूरी कहानी

एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, सुबह-सुबह जोरदार धमाका हुआ। इसकी आवाज सुनकर उनकी नींद टूट गई। नीचे देखने पर पता चला कि आग लगी हुई है। इस बिल्डिंग में रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि धमाके की आवाज सुनकर घर के सभी लोग जाग गए। बाहर निकल कर उन्होंने बिल्डिंग के सभी घरों की घंटी बजाकर आग लगने सूचना दी। स्थानीय विधायक और पूर्व मंत्री विद्या जयप्रकाश ठाकुर ने बताया कि इस बिल्डिंग में रहने वाले लोगों को उन्नत नगर के स्कूल में ठहराया गया है। पुलिस का कहना है कि आग लगने के कारणों की छानबीन की जा रही है।

हादसे में मरने वालों में दो नाबालिग भी शामिल

बीएमसी आपदा नियंत्रण की ओर से बताया गया कि शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे उपनगरीय गोरेगांव में जय भवानी बिल्डिंग की पार्किंग में अचानक आग लग गई। जिसके बाद इस आग ने पूरी बिल्डिंग को अपने लपटों में घेर लिया। इस हादसे में 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं, इनमें 18 पुरुष और 22 महिलाएं शामिल हैं। इस हादसे में मरने वालों में दो नाबालिग भी शामिल हैं। बीएमसी आपदा नियंत्रण ने कहा कि अग्निशमन कर्मियों के कड़े प्रयासों के बाद सुबह आग पर काबू पा लिया गया।

सीएम शिंदे ने किया आर्थिक मदद का एलान

आग की घटना पर महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा, ''मैं नगर निगम आयुक्त और पुलिस से लगातार बात कर रहा हूं... जो हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं इस हादसे में जान गवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। सरकार उनके परिवारों को 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा करती है। और जो घायल हैं उनका इलाज सरकार की ओर से कराया जाएगा।

देवेंद्र फडणवीस ने व्यक्त की संवेदना

आग की घटना पर महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, गोरेगांव, मुंबई में आग लगने की घटना में जानमाल के नुकसान के बारे में जानकर दुख हुआ। हम बीएमसी और मुंबई पुलिस अधिकारियों के संपर्क में हैं और सभी सहायता प्रदान की जा रही है। उन परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। [(हि.स.) एजेंसी इनपुट के साथ]

अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in