नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। बीएमसी (BMC) चुनाव 2026 के नतीजों ने मुंबई की राजनीति की तस्वीर पूरी तरह बदल दी है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए देश की सबसे अमीर महानगरपालिका पर कब्जा जमा लिया है। दशकों से चला आ रहा ठाकरे परिवार का दबदबा खत्म होने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि मुंबई का नया मेयर कौन होगा? चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने साफ कहा था कि “मुंबई का अगला मेयर हिंदू और मराठी होगा। अब जब बीजेपी सत्ता में आ चुकी है, तो यह बयान पार्टी के लिए एक वादा भी है और जिम्मेदारी भी।
मेयर पद के लिए इन नामों पर सबसे ज्यादा चर्चा
बीजेपी के भीतर इस वक्त ऐसे चेहरों पर मंथन चल रहा है जो संगठन, अनुभव और मराठी अस्मिता तीनों कसौटियों पर खरे उतरते हों।
1. तेजस्वी घोसालकर
दहिसर (वार्ड नंबर 2) से 10 हजार से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज करने वाली तेजस्वी घोसालकर इस समय बीजेपी की सबसे चर्चित युवा चेहरा हैं। उन्होंने उद्धव ठाकरे गुट के गढ़ में सेंध लगाकर बड़ी राजनीतिक जीत हासिल की है। युवा, शिक्षित और मराठी होने के कारण वे फडणवीस के फॉर्मूले में पूरी तरह फिट बैठती हैं।
2. प्रकाश दरेकर
प्रकाश दरेकर, विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष प्रवीण दरेकर के भाई हैं। उन्होंने वार्ड नंबर 3 से शानदार जीत दर्ज की है। दरेकर परिवार की उत्तर-पश्चिम मुंबई में मजबूत पकड़ मानी जाती है। प्रशासनिक अनुभव और मजबूत मराठी वोट बैंक उन्हें मेयर पद का मजबूत दावेदार बनाता है।
3. प्रभाकर शिंदे
बीएमसी में बीजेपी के पूर्व गुट नेता रहे प्रभाकर शिंदे पार्टी के सबसे अनुभवी पार्षदों में से एक हैं। उन्हें नगर निगम के नियम-कायदों और कामकाज की गहरी समझ है। मराठी चेहरा होने के साथ-साथ अनुभव के कारण वे पार्टी के लिए एक ‘सेफ चॉइस’ माने जा रहे हैं।
4. मकरंद नार्वेकर
विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर के भाई मकरंद नार्वेकर दक्षिण मुंबई के प्रभावशाली नेता हैं। कोलाबा इलाके में उनकी मजबूत पकड़ है और वे लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं। मराठी पहचान के साथ उनकी छवि एक आधुनिक और विकासवादी नेता की है, जिसे बीजेपी आगे बढ़ा सकती है।
5. राजश्री शिरवाडकर
वार्ड नंबर 172 से जीतने वाली राजश्री शिरवाडकर बीजेपी की आक्रामक और जमीनी महिला नेता मानी जाती हैं। अगर मेयर पद महिला के लिए आरक्षित होता है, तो उनका नाम सबसे ऊपर माना जा रहा है। वे स्थानीय मुद्दों पर मुखर रहती हैं और संगठन में भी मजबूत पकड़ रखती हैं।
बीजेपी की जीत और फडणवीस का बड़ा दांव
बीएमसी चुनाव 2026 में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। विकास के एजेंडे, हिंदुत्व और डबल इंजन सरकार के भरोसे पार्टी ने वह मुकाम हासिल किया है, जिसका वह सालों से इंतजार कर रही थी। इस जीत ने साफ कर दिया है कि मुंबई की जनता ने बदलाव को चुना है।




