मध्य रेल के उपनगरीय खंडों पर कल मेगा ब्लॉक, पश्चिम रेलवे का वसई रोड यार्ड में जम्बो ब्लॉक
मुंबई, 09 जनवरी, (हि. स.)। रखरखाव कार्य करने के लिए मध्य रेल अपने उपनगरीय खंडों पर 10 जनवरी 2021 को मेगा ब्लॉक परिचालित करेगा। मध्य रेल मुंबई के जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार ठाणे-कल्याण अप और डाउन फास्ट लाइन सुबह 10.40 से दोपहर 3.40 बजे तक ब्लॉक परिचालित किया जाएगा। ब्लॉक के दौरान छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस मुंबई से सुबह 9.37 बजे से दोपहर 2.48 बजे तक छूटने वाली डाउन फास्ट सेवाओं को ठाणे और कल्याण स्टेशनों के बीच स्लो लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा और ये गाड़ियां ठाणे -कल्याण के बीच सभी स्टेशनों पर रुकेंगी। कल्याण से 10.26 बजे से अपराह्न 3.19 बजे तक छूटने वाली फास्ट सेवाओं को कल्याण और ठाणे स्टेशनों के बीच अप स्लो लाइन पर डायवर्ट किया जायेगा और ये गाड़ियां कल्याण और ठाणे स्टेशनों के बीच सभी स्टेशनों पर रुकेंगी और पुनः मुलुंड हाल्ट से अपने निर्धारित शैड्यूल हाल्ट के अनुसार रुकेंगी। इसी प्रकार छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस - चूनाभट्टी, बांद्रा डाउन हार्बर लाइन सुबह 11.40 बजे से शाम 4.40 बजे तक एवं चूनाभट्टी, बांद्रा- छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस अप हार्बर लाइन पर सुबह 11.10 बजे से शाम 4.50 बजे तक ब्लॉक परिचालित किया जाएगा। इस दौरान छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस मुंबई से वाशी, बेलापुर, पनवेल के लिए डाउन हार्बर लाइन की सेवाएं सुबह 11.34 बजे से शाम 4.47 बजे तक एवं छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस मुंबई से बांद्रा, गोरेगांव जाने वाली डाउन हार्बर लाइन सेवाएं सुबह 09.56 बजे से शाम 4.43 बजे तक निलंबित रहेंगी। जबकि पनवेल, बेलापुर, वाशी से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस मुंबई के लिए अप हार्बर लाइन की सेवाएं सुबह 9.53 बजे से दोपहर 3.20 बजे तक और गोरेगांव, बांद्रा से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस मुंबई के लिए सेेवाएं सुबह 10.45 बजे से शाम 4.58 बजे तक निलंबित रहेंगी। हालांकि, ब्लॉक अवधि के दौरान पनवेल और कुर्ला के बीच विशेष सेवाएं चलेंगी। ब्लॉक अवधि के दौरान सुबह 10 बजे से शाम 6.00 बजे तक हार्बर लाइन के यात्रियों को मेन लाइन और पश्चिम रेलवे होकर यात्रा करने की अनुमति है। पश्चिम रेलवे का वसई रोड यार्ड में जम्बो ब्लॉक : रेल पथ, सिगनलिंग प्रणाली तथा ऊपरी उपस्करों के रख-रखाव हेतु शनिवार, 9 एवं रविवार, 10 जनवरी के बीच पड़ने वाली मध्यरात्रि को वसई रोड एवं दिवा स्टेशनों के बीच अप एवं डाउन लाइनों पर 23.00 बजे से 03.00 बजे तक जम्बो ब्लॉक लिया जायेगा। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सुमित ठाकुर के अनुसार इस ब्लॉक के कारण पश्चिम रेलवे उपनगरीय खंड एवं मेन लाइनों पर यात्री सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी। हिन्दुस्थान समाचार/दिलीप/ राजबहादुर-hindusthansamachar.in