मुंबई, 15 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते प्रकोप के कारण मेडिकल शिक्षा विभाग की परीक्षा की तारीख आगे बढ़ा दी गई है। अब यह परीक्षा जून महीने में होगी। परीक्षा का नया टाइम टेबल महाराष्ट्र स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय घोषित करेगा। यह परीक्षाएं 19 अप्रैल से शुरू होने वाली थीं। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से चर्चा करने के बाद मेडिकल शिक्षा मंत्री अमित देशमुख ने यह निर्णय किया है। राज्य में कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए विभिन्न संगठनों और राजनीतिक पार्टियां परीक्षा आगे बढ़ाने की मांग कर रही थीं। इस पर मेडिकल शिक्षा मंत्री देशमुख ने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, विश्वविद्यालय के उप कुलपति, नेशनल मेडिकल काउंसिल, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, मेडिकल शिक्षा विभाग से चर्चा करने के बाद निर्णय लेने का आश्वासन दिया था। मेडिकल शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की जान खतरे में डालकर हमें परीक्षा नहीं लेनी है। परीक्षा के संदर्भ में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मेडिकल के छात्र संगठन और सीनेट सदस्यों से भी चर्चा की गई थी। मेडिकल की 19 अप्रैल से 30 जून तक परीक्षा होने वाली थी। लगभग 50 हजार विद्यार्थी यह परीक्षा देने वाले हैं। राज्य में कोरोना के बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए परीक्षा को जून महीने तक के लिए टाल दिया गया है। इससे पहले एमपीएससी की परीक्षा के साथ दसवी और बारहवीं की परीक्षा की तारीख भी आगे बढ़ाई जा चुकी है। हिन्दुस्थान समाचार/ विनय/चंद्र




