नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। महाराष्ट्र के डोंबिवली के एमआईडीसी इलाके में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में बॉयलर फटने से आग लग गई है। जानकारी के अनुसार चार से अधिक दमकल की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं हैं। डोंबिवली केमिकल कंपनी में ब्लास्ट की वजह से आसपास की बिल्डिंगों के शीशे टूट गए हैं। सूत्रों के अनुसार करीब 5 मजदूर घायल हुए हैं। समय की साथ घायलों की संख्या बढ़ने का अंदेशा जताया जा रहा है। बताते चलें कि मामले में कुछ गाड़ियों को नुकसान भी पहुंचा है। हादसे के बाद कितना नुकसान है, इस बात की फिलहाल कोई पुष्टि नहीं हुई है। दमकल द्वारा आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है।
घटना पर क्या बोले डिप्टी सीएम
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि डोंबिवली एमआईडीसी में अमुदान केमिकल कंपनी में बॉयलर फटने की घटना दुखद है। घायलों के इलाज की व्यवस्था की गई है और साथ ही अधिक संख्या में एम्बुलेंस तैयार रखी गई हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने कलेक्टर से मामले पर चर्चा की है। मौके पर एनडीआरएफ, टीडीआरएफ, फायर ब्रिगेड की टीमों को भेजा जा चुका है।
उचित कदम उठाने की है जरूरत
रोहित पवार ने घटना पर कहा कि डोंबिवली में एक केमिकल कंपनी में भीषण आग लग गई है। उन्होंने कहा कि खबर है कि कुछ कार्यकर्ता घायल हुए हैं और वे प्रार्थना करता हूं कि वे सभी जल्द ही ठीक हो जाएं। उन्होंने आगे कहा कि प्रशासन की ओर से आग को बुझाने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन आग लगने के पीछे के कारणों का पता लगाना भी जरूरी है, साथ ही बार-बार ऐसी घटनाएं सामने ना आएं इसके लिए कदम उठाने की जरूरत है।
कई किलोमीटर तक महसूस किया गया विस्फोट
आसमान में उठते काले धुएं के विशाल गुबार दूर से भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि विस्फोट कितना जोर का रहा होगा। बताया जा रहा है कि एमआईडीसी फेज-2 की एक कंपनी में धमाका हुआ है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, धमाका एमआईडीसी इलाके में अमोधन केमिकल कंपनी के बॉयलर में हुआ। इस धमाके के बाद डोंबिवली इलाके में कई किलोमीटर तक इस धमाके के झटके महसूस किए गए।
खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





