नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे में निधन के बाद राजनीतिक हलकों में सुनेत्रा पवार को डिप्टी सीएम बनाने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस सिलसिले में प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल, धनंजय मुंडे और सुनील तटकरे ने सुनेत्रा पवार से अहम मुलाकात की। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह कदम महाराष्ट्र की राजनीति में संतुलन बनाने और पार्टी के समन्वय को बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया जा सकता है।
सुनेत्रा पवार को डिप्टी सीएम बनाने पर विचार
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम पद का प्रस्ताव दिया जा सकता है। संभावना जताई जा रही है कि वह अपने दिवंगत पति अजित पवार की सीट से आगामी चुनाव में हिस्सा लें। इसके साथ ही खबर है कि प्रफुल्ल पटेल को एनसीपी का अध्यक्ष बनाए जाने पर विचार किया जा रहा है। इस प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय और चर्चा के लिए वे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात करेंगे। वहीं, इस बैठक में एनसीपी (एसपी) के विलय के मुद्दे पर भी बातचीत होने की संभावना है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का विमान बुधवार को बारामती में क्रैश हो गया, जिसमें अजित पवार समेत पांच लोगों की जान चली गई। हादसे में विमान में मौजूद एक सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू मेंबर भी मारे गए। अजित पवार पुणे में होने वाले जिला परिषद चुनावों के लिए रैलियों को संबोधित करने जा रहे थे। सुबह मुंबई से बारामती के लिए रवाना हुए, लेकिन लैंडिंग के दौरान विमान का कंट्रोल गड़बड़ हो गया। चश्मदीदों के मुताबिक, लैंडिंग की कोशिश के दौरान विमान लड़खड़ाया और पल भर में हादसे का शिकार हो गया। क्रैश के बाद विमान आग के गोले में बदल गया और पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार सभी की मौत हो गई।





