सागर को मिलेगा चिड़िया घर और सिटी फॉरेस्ट
सागर को मिलेगा चिड़िया घर और सिटी फॉरेस्ट

सागर को मिलेगा चिड़िया घर और सिटी फॉरेस्ट

सागर, 17 दिसम्बर (हि.स.)। शहर की समस्त दूध डेयरियों का विस्थापन शीघ्र सुनिश्चित किया जाए। उक्त निर्देश कलेक्टर दीपक सिंह ने गुरुवार को सागर शहर के नगर पालिक निगम क्षेत्र, केंट बोर्ड क्षेत्र तथा मकरोनिया नगर पालिका क्षेत्र अंर्तगत निर्माण एवं विकास कार्यों की सागर स्मार्ट सिटी कार्यालय सभाकक्ष में समीक्षा बैठक में दिए। कलेक्टर ने बताया कि शहर को चिडिय़ा घर और सिटी फॉरेस्ट के लिए जो जमीन चिन्हित की गई है, उस पर शीघ्र कार्ययोजना बनाकर कार्य प्रारंभ किया जाएगा। स्मार्ट सिटी सीईओ राहुल सिंह राजपूत द्वारा सभी विभागों को संयुक्त प्रजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुत विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अंर्तगत शहर में ग्रीनरी विकास के लिए सघन पौधारोपण कर सिटी फॉरेस्ट निर्माण हेतु विभिन्न स्थलों का चिन्हांकन कर पौधारोपण कराने के साथ शहर के पास दो पहाडिय़ों को चिन्हित कर आयुष्मान पहाड़ी व पितृवन (स्मृतिवन) पहाड़ी बनाने के निर्देश दिये गए, जहां नागरिक अपने बच्चों के जन्म और पितृ की याद में वृक्षारोपण कर सकें। मास्टर प्लान अनुसार सड़कों के चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाने के लिए टीम का गठन, डेरी विस्थापन एवं अवैध निर्माण हटाने टीम गठन, शहर के चौराहों पर सुरक्षित ट्रॉफिक व लैफ्टटर्न आदि का निर्माण, शहर में चल रहे सीवरेज प्रोजेक्ट के कार्य गुणवत्तापूर्ण व तेजी से कराने, मकरोनिया ब्रिज निमार्ण का कार्य समय सीमा में पूर्ण कराने, सड़क निर्माण के दौरान बाधित बिजली के खंभो को सिफ्ट कराने, केंट क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण को तेजी से कराने, स्मार्ट सिटी मिशन अंर्तगत एबीडी एरिया एवं पेन सिटी एरिया में होने वाले कार्यों को तेजी से कराने संबंधी निर्णय लिए गए। हिन्दुस्थान समाचार/विष्णु सोनी/राजू-hindusthansamachar.in

Raftaar | रफ्तार
raftaar.in