शीत लहर की चपेट में ग्वालियर-चम्बल, चार डिग्री पर टिका पारा
शीत लहर की चपेट में ग्वालियर-चम्बल, चार डिग्री पर टिका पारा

शीत लहर की चपेट में ग्वालियर-चम्बल, चार डिग्री पर टिका पारा

- सुबह निकली चटक धूप ने दी राहत, दोपहर में छाए रहे बादल, शाम को चली शीत लहर ग्वालियर, 20 दिसम्बर (हि.स.)। बर्फ से ढंके पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र से आ रहीं बर्फीली हवाओं के कारण ग्वालियर-चम्बल अंचल में हाड़ कंपाने वाली ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। पूरा अंचल शीत लहर की चपेट में है। ग्वालियर में रविवार को भी न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां तीन दिन से तापमान चार डिग्री सेल्सियस के आसपास ही टिका हुआ है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे के दौरान भी बादलों की आवा-जाही बनी रहेगी, जिससे न्यूनतम तापमान में आंशिक वृद्धि होगी, लेकिन एक दिन की राहत के बाद न्यूनतम तापमान में फिर से गिरावट आएगी। पिछले कुछ दिनों से मौसम शुष्क रहने और उत्तर से सर्द हवाएं आने से न्यूनतम तापमान में जबर्दस्त गिरावट आई है, जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। रविवार को भी सुबह से दोपहर तक मौसम शुष्क रहा और चटक धूप निकली, जिससे शहरवासियों को ठंड से राहत मिली, लेकिन दोपहर करीब डेढ़ बजे के बाद आसमान में अचानक बादल घुमडऩे लगे। हालांकि शाम होते-होते मौसम एक बार फिर से साफ हो गया। साथ ही शीत भी लहर चल पड़ी। इसके चलते शहरवासियों को तेज ठंड का सामना करना पड़ा। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में रविवार को अधिकतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस आंशिक वृद्धि के साथ 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 0.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस आंशिक वृद्धि के साथ 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 2.8 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 75 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सामान्य से 11 प्रतिशत अधिक है, जबकि शाम को हवा में नमी 54 प्रतिशत दर्ज की गई। यह सामान्य से मात्र एक प्रतिशत अधिक है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से छाए बादल: भोपाल के सेवानिवृत्त मुख्य मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि इस समय पंजाब से सटे पाकिस्तान के इलाके में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है, जो जम्मू-कश्मीर की ओर आगे बढ़ रहा है। इसके साथ ही उत्तरी और दक्षिण पश्चिमी हवाएं आपस में टकरा रही हैं। इसी के प्रभाव से रविवार को ग्वालियर-चम्बल अंचल में बादल छा गए। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले 24 घंटे के दौरान भी बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन बारिश की उम्मीद नहीं है। इसके चलते सोमवार को न्यूनतम तापमान में वृद्धि होगी, जबकि दिन के तापमान में गिरावट आएगी। उन्होंने बताया कि अगले 24 घंटे बाद पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त हो जाएगा, जिससे एक बार फिर न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ शीत लहर की स्थिति निर्मित होगी। हिन्दुस्थान समाचार/शरद-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in