दमोह, 17 दिसम्बर (हि.स.)। जिले के पथरिया ब्लॉक अंतर्गत नरसिंहगढ़ नगर में स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही बैंक मैनेजर ओमप्रकाश कंधरा मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी। दमकल की गाड़ी तत्काल मौके पर पहुंच गई और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि इस आगजनी में बैंक के फर्नीचर और स्टेशनरी को नुकसान पहुंचा है। बैंक मैनेजर ओम प्रकाश कंधरा ने बताया कि गुरुवार सुबह 9 बजे आसपास के लोगों ने बैंक शाखा से धुआं निकलता देखा तब आग लगने की सूचना मिली। उन्होंने तत्काल देहात थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। कुछ ही देर में दमोह और पथरिया से दमकल की गाडिय़ां मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि इस आगजनी में कितना नुकसान हुआ है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन नगदी सुरक्षित है। सिर्फ फर्नीचर और स्टेशनरी जलने की जानकारी है। बैंक कर्मचारी नुकसान का आंकलन में जुटे हुए हैं। नरसिंहगढ़ थाना पुलिस ने भी मामले को जांच में लिया है। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश / उमेद-hindusthansamachar.in