इंदौर, 30 जून (हि.स.)। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट की पहल पर उमड़ीखेड़ा में एडवेंचर पार्क विकसित किए जाने की योजना बनायी जा रही है। बुधवार को रालामंडल में आयोजित बैठक में इस विषय पर भी विचार विमर्श किया गया। वन मंत्री विजय शाह को इस संबंध में मंत्री सिलावट ने विस्तार से जानकारी दी। बैठक में संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा, कलेक्टर मनीष सिंह भी उपस्थित थे। बैठक में यह तय किया गया कि उमड़ीखेड़ा में वॉकिंग ट्रेल और साइकिलिंग ट्रैक बनाया जाए। उमड़ीखेड़ा के विकास की संपूर्ण कार्ययोजना बनाने के लिए कलेक्टर इंदौर श्री मनीष सिंह की अध्यक्षता में पाँच सदस्यीय कमेटी गठित करने का भी निर्णय लिया गया। कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा कि तीन जुलाई के बाद वे संबंधित अधिकारियों के साथ इस स्थान का विस्तृत निरीक्षण करेंगे। नवसज्जित इतिहास दीर्घा का उद्घाटन वन मंत्री विजय शाह, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और सांसद शंकर लालवानी ने बुधवार को रालामंडल में इतिहास गैलरी का उद्घाटन किया। रालामंडल पहाड़ी के शीर्ष पर बने होलकर कालीन शिकार गृह में यह गैलरी बनायी गई है। यहाँ होलकर राज घराने के साथ-साथ इंदौर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाली सामग्री, पेंटिंग्स इत्यादि रखी गई है। वन संरक्षक हरिशंकर मोहन्ता ने बताया कि सन् 1905 में बने इस शिकार गृह को आंतरिक रूप से नया रूप दिया गया है। रालामंडल पहाड़ी के इस शीर्ष से इंदौर शहर का सुंदर नज़ारा भी दिखाई देता है। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश





